गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बुधवार शाम 5 बजे हादसा हुआ है। हादसे के दौरान करंट लगने से 3 लोगों की मौत हो गई है और 10 लोग झुलस गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, हाईटेंशन लाइन से ट्रॉली में लगी रॉड टकराई है, जिस वजह से ये हादसा हुआ।
घायलों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे। ट्रॉली में लगी लंबी रॉड ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। इसके बाद ट्रॉली पर सवार लोग करंट की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हादसा गुलरिहा थाना क्षेत्र में अयोध्या प्रसाद चौहान टोला के पास हुआ।
फतेहपुर में भी हुआ था हादसा
फतेहपुर में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हुआ था। तालाब में डूबने से 3 दोस्तों की मौत हो गई थी और 2 की हालत नाजुक थी। खागा कोतवाली क्षेत्र के बैजूपुर चक कटोघन गांव में मूर्ति विसर्जन के दौरान पांच दोस्त गहरे पानी में चले गए थे, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई थी और 2 की हालत खराब थी। मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
कोटा में भी हुआ था हादसा
राजस्थान के कोटा में भी दुर्गा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हुआ था और कोटड़ी नहर में नाव पलट गई थी। नाव में 7 लोग सवार थे, जिसमें 4 लोग बह गए थे और 3 लोगों की जान बच गई थी। मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे 7 लोग नाव पर सवार होकर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए नहर में उतरे लेकिन इसी दौरान नाव डूब गई और उसमें बैठे लोग नहर में गिर गए। इस दौरान 4 लोग बह गए।
इससे पहले बिहार के राघोपुर में एक दर्दनाक हादसा हुआ था। इस दौरान 13 लोगों की मौत हुई थी। घटना 13 अक्टूबर की शाम की है। शाम करीब पौने आठ बजे गांव के ढाब के पार सिंगेश्वर राय के यहां भोज का आयोजन था, जिसे खाने के लिए लोग नाव पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान नाव डूब गई और लोग पानी में समा गए। इस घटना में 13 बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया था। (इनपुट- गोरखपुर से राज श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ें-
वैशाली में गांधी सेतु के पास 11 लोगों से भरी नाव पलटी, एक की मौत, एक अन्य लापता