बिहार के वैशाली जिले से बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है। जिले के राघोपुर के तेरेसिया में महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर-9,10 के पास 11 लोगों से भरी नाव पलट गई। मंगलवार दोपहर को यह नाव राघोपुर से दीघा की ओर जा रही थी, तभी गांधी सेतु पुल के पास तेज धारा में फंसकर अनियंत्रित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। DM और वैशाली SP शुभांक मिश्रा भी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं और राहत-बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र की घटना
बता दें कि यह घटना चिराग पासवान के संसदीय क्षेत्र और तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र में घटित हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, नाव पर कुल 11 लोग सवार थे। नदी में नाव पलटने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लापता लोगों की तलाश के लिए नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 9 लोगों को बचा लिया है। वहीं, दो व्यक्ति अभी भी लापता है जिनकी तलाश करने के लिए जिले के डीएम और एसपी के नेतृत्व में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू अभियान चला रही है।
हादसे का शिकार हुए सभी लोग के तेरसिया गांव के रहने वाले हैं, जो नाव पर सवार होकर अपने जरूरतमंद सामान खरीदने के लिए बाजार जा रहे थे।
कैसे हुआ हादसा?
चश्मदीदों के मुताबिक, नाव तेरसिया दियारा क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर-9 के पास नाव कंस्ट्रक्शन कंपनी एसपी सिंगला के बोल्डर से टकरा गई। टक्कर के बाद नाव अनियंत्रित हुई और देखते ही देखते गंगा की तेज धारा में डूब गई। नाव में बैठे यात्रियों को संभलने का मौका ही नहीं मिला और सीधे पानी में गिर गए।
DM वर्षा सिंह घटनास्थल पर पहुंचीं
घटना की जानकारी मिलने के बाद वैशाली की DM वर्षा सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचीं। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की जा रही है। फिलहाल लापता दोनों लोगों की तलाश जारी है। स्थानीय लोगों की मदद से 9 लोगों को बचा लिया गया है, जबकि दो लोगों का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।
(रिपोर्ट- बाबू राजा)
यह भी पढ़ें-
पटना में भीषण सड़क हादसा, एक्सीडेंट में 3 लोगों की मौत, कार काटकर बाहर निकाले शव
नेपाल से बहकर आ रही लाशें! गंडक बराज के फाटक नंबर-5 से एक और शव बरामद; टोटल 15 हो गए