1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सांसद इकरा हसन का फेक वीडियो बनाने वालों ने मांगी माफी, पंचायत के सामने दी गई सजा

सांसद इकरा हसन का फेक वीडियो बनाने वालों ने मांगी माफी, पंचायत के सामने दी गई सजा

सपा सांसद इकरा हसन के नाम पर फर्जी वीडियो बनाने वाले दो नाबालिग लड़कों ने एक पंचायत के सामने माफी मांगी है।

इकरा हसन- India TV Hindi
Image Source : PTI इकरा हसन

उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन के नाम पर एक फर्जी वीडियो बनाने वाले दो नाबालिग लड़कों ने एक पंचायत के सामने माफी मांगी है। यह मामला तब सामने आया जब AI ऐप का इस्तेमाल कर बनाया गया यह फेक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे काफी बवाल मच गया।

फर्जी वीडियो हुआ वायरल

हरियाणा के नूंह जिले के दो नाबालिगों ने एक AI ऐप का इस्तेमाल कर इकरा हसन का एक फर्जी वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया, जिससे इकरा हसन के समर्थकों और समाज में नाराजगी फैल गई।

गांव के सामने मांगी माफी

वीडियो वायरल होने के बाद इकरा हसन के समर्थकों ने उत्तर प्रदेश के डीजीपी से शिकायत की, जिसके बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी। जब वीडियो बनाने वाले लड़कों की पहचान हुई, तो इकरा हसन ने नूंह जिले की महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नूर बानो (जिन्हें रजिया बानो पहलवान के नाम से भी जाना जाता है) से बात की। रजिया बानो ने दोनों लड़कों को पकड़ा और पूरे गांव के सामने उनसे माफी मंगवाई।

लड़कों की पिटाई भी हुई

देर रात गांव में एक पंचायत बुलाई गई, जिसमें गांव के बुजुर्ग, सरपंच और दोनों लड़कों के परिवार भी शामिल हुए। पंचायत के दौरान लड़कों की हल्की पिटाई भी की गई और उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई। गांव वालों ने भी इकरा हसन से अपील की कि वे इन नाबालिगों को माफ कर दें।

"हमसब लोग हाथ जोड़कर बाजी से माफी मांगते हैं"

माफी मांगने वाले लड़कों में से एक ने वीडियो में कहा, "इकरा हसन के ऊपर जो वीडियो बनाई थी, वो बिल्कुल फेक है। वो हमने ऐप से एडिट करके डाली थी। वो वायरल हो गई, उसके लिए हम माफी चाहते हैं। इकरा हसन बहन के वीडियो के लिए हम माफी मांगते हैं। जो वीडियो बनाई थी वो फेक है। हम हाथ जोड़कर माफी मांगते हैं।"

नूंह जिले की महिला कांग्रेस की अध्यक्ष का बयान

नूंह जिले की महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नूर बानो ने इकरा हसन को फोन कर मेवात की तरफ से माफी मांगी। उन्होंने बताया, "मैंने पकड़ लिया है दोनों को और मार भी लगाई है। पूरा गांव बैठा हुआ है। ये हमारे फिरोजपुर झिरका के हैं, उसी विधानसभा से हैं। मैं माफी मांगती हूं आपसे, पूरे समाज की तरफ से।" उन्होंने आगे कहा, "सिस्टर, मैं पूरे मेवात की तरफ से माफी मांगता हूं। सच्ची बात ये है कि जितनी आप मोहब्बतें, हमारे लिए लड़ाई लड़ते हो, हमें पता है। इतना दुख हो रहा है इन बच्चों ने जो किया। और ये बच्चे 12-13 साल के हैं। इनकी नादानियत की वजह से आप एक विश्व की नेत्री, लोग जिसे वाह-वाह करते हैं और उनकी छवि को इस तरह... इन बच्चों ने ये जो गंदी हरकत की है, उसके लिए पूरा गांव माफी मांगता है।" उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने और लड़कों के पिता ने भी उन्हें मारा है और वे मेवात और तमाम बिरादरी की तरफ से माफी मांगती हैं।

ये भी पढ़ें-

"15 साल में कुछ नहीं किया तो अब क्या करेगी RJD", बिहार चुनाव पर जीतनराम मांझी का EXCLUSIVE इंटरव्यू

मुजफ्फरनगर ढाबा विवाद में बड़ा खुलासा, 'गोपाल' निकला 'तजम्मुल', कांवड़ यात्रा से पहले पहचान पर बवाल