लखनऊः समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बुलंदशहर दौरे को लेकर विवाद हो गया है। समाजवादी पार्टी का आरोप है कि परमीशन ना मिलने की वजह से दौरा कैंसिल हो गया है। समाजवादी पार्टी प्रवक्ता उदयवीर सिंह का कहना है कि अखिलेश यादव को बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन करने बुलंदशहर जाना था। पहले 22 अगस्त के प्रोग्राम था, लेकिन ज़िला प्रशासन ने कहा कि कावंड़ यात्रा चल रही है, जब खत्म हो जाएगी तब परमीशन देंगे। इसके बाद 12 सितंबर का कार्यक्रम तय किया गया, लेकिन जिस ग्राउंड में सभा करनी थी उसकी परमिशन नहीं दी गई।
सपा प्रवक्ता उदयवीर सिंह ने दी ये जानकारी
सपा प्रवक्ता ने कहा कि अखिलेश यादव का कार्यक्रम 11 और 12 सितंबर के लिए तय किया गया। 11 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस और बारह को मीटिंग होनी थी। एक होटल में कार्यक्रम रखा गया था। प्रशासन से 11 सितंबर को पुलिस लाइन में हेलीकाप्टर के लिए परमीशन मांगी गई थी क्योंकि हेलीपैड पुलिस लाइन का सबसे सुरक्षित माना जाता है, लेकिन अब प्रशासन ने एक निजी ज़मीन पर 12 सितम्बर को हेलीपैड की अनुमति दी। इसके बाद कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।
वहीं, अखिलेश यादव ने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया है कि "बुलन्दशहर में हेलीपैड पर दूर-दूर तक जलभराव नहीं है। केवल ज़बरदस्ती का सीमेंट, गारा और पेवर ब्लाक्स दिखाकर, शासन के गुपचुप निर्देश पर प्रशासन हमारे 11 सितंबर के कार्यक्रम को रद्द करने का बहाना ढूंढ रहा है। सपा के पदाधिकारियों के सामने निष्पक्ष विशेषज्ञों से जांच कराकर सत्य सामने रखा जाए। अगर हम सड़क मार्ग से आएंगे तो भी क्या एक्सप्रेसवे या हाईवे या रोड के ख़राब होने के बहाने बनाए जाएंगे क्योंकि वो सब सड़कें तो सच में चलने लायक हैं ही नहीं। जनता पूछ रही है कि हैलीपैड और मौसम केवल विपक्ष के लिए ही क्यों ख़राब होता है?''
मंत्री दया शंकर सिंह ने दिया सपा के आरोपों का जवाब
सपा के आरोपों का सरकार की तरफ से परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह ने जवाब दिया है। दया शंकर सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव बुलंदशहर जाना नहीं चाहते। वह सिर्फ ट्वीट करते हैं। एक साल का उनका रिकॉर्ड देख लीजिए, वो कहां गए। सपा प्रमुख को अगर बुलंदशहर जाना है तो, सीएम योगी ने एयरपोर्ट बनाया है, वहां जाएं और वहां से फिर सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक जाएं। बता दें कि सपा चुनावी मोड में आ चुकी है। समाजवादी छात्र सभा का ड्रेस भी बदल गया है। अब ब्लू टी-शर्ट और जींस के साथ लाल टोपी में नजर आएंगे।
ये भी पढ़ेंः ''मुसलमान रूठ जाएंगे इसलिए दर्शन करने नहीं जाते अखिलेश'', मंत्री सूर्य प्रताप शाही का सपा पर बड़ा हमला
भतीजे आकाश आनन्द पर फिर नरम हुईं मायावती, समधी अशोक सिद्धार्थ के लिए रख दी शर्त