A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सीएम योगी की शायरी का अखिलेश यादव ने उसी अंदाज में दिया जवाब, लिखा- 'हुक्मरान कोई नई बात बताओ'

सीएम योगी की शायरी का अखिलेश यादव ने उसी अंदाज में दिया जवाब, लिखा- 'हुक्मरान कोई नई बात बताओ'

योगी आदित्यनाथ ने कफ सिरप मामले में अखिलेश यादव पर आरोप लगाए थे। इसके जवाब में अखिलेश यादव ने भी पलटवार किया है। खास बात यह है कि इस दौरान दोनों नेताओं ने शायरी के जरिए अपनी बात कही।

Akhilesh Yadav Yogi Adityanath- India TV Hindi
Image Source : PTI अखिलेश यादव और योगी आदित्यनाथ

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने शायरी के जरिए योगी आदित्यनाथ पर पलटवार किया है। योगी आदित्यनाथ ने शायरी पढ़ते हुए अखिलेश यादव को कफ सिरप तस्करी मामले में घसीटा था। इसका जवाब अखिलेश यादव ने भी शायरी के जरिए ही दिया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा था, "यही कसूर मैं बार बार करता रहा और आईना साफ करता रहा।" इसके जवाब में अखिलेश यादव ने एक्स पोस्ट पर लिखा, "जब खुद फंस जाओ तो दूसरे पर इल्जाम लगाओ। ये खेल हुआ पुराना, हुक्मरान कोई नई बात बताओ।"

उत्तर प्रदेश में कफ सिरप की तस्करी करने वाले माफिया पर कार्रवाई हुई है। इस माफिया की तस्वीरें अखिलेश यादव के साथ सामने आने के बाद योगी आदित्यनाथ ने सपा नेता पर आरोप लगाए थे और कहा था कि सपा के हर माफिया से संबंध रहे हैं।

सीएम योगी का पूरा बयान

योगी आदित्यनाथ ने कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार को लेकर सपा पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि मामले की जांच जारी है और अब तक जितने भी लोग पकड़े गए हैं, उनके तार सपा से जुड़े हुए हैं। विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत से पहले विधान भवन में प्रवेश के दौरान पत्रकारों से बातचीत में एक सवाल के जवाब में योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘हमारी जांच जारी है और अभी तक जितने लोग पकड़े गए हैं, उनके तार समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं। जांच होने दीजिए, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी पहले से ही कुख्यात रही है और इस पूरे मामले में उसकी संलिप्तता सामने आएगी।’’ 

राज्य स्तरीय टीम कर रही जांच

योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘इस मामले की जांच के लिए एक राज्य स्तरीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) काम कर रही है, जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस और एफएसडीए (खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन) से जुड़े अधिकारी शामिल हैं। किन-किन लोगों तक इस अवैध कारोबार का पैसा पहुंचा है, यह सब जांच में सामने आएगा।’’ सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयानों पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उनके बारे में बस यही कहूंगा-‘यही कसूर मैं बार-बार करता रहा, धूल चेहरे पर थी और आईना साफ करता रहा। माफियाओं के साथ इनकी (अखिलेश यादव) भी तस्वीरें हैं। जांच होने दीजिए, दूध का दूध और पानी का पानी सामने होगा।’’

यह भी पढ़ें-

लखनऊ में 1.5 करोड़ रुपये गंवाने से बच गई महिला, जानें बैंक अधिकारियों ने ठगों से कैसे बचाया

एक यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी के पास लेम्बोर्गिनी समेत इतनी लग्जरी गाड़ियां, देखने वालों के भी उड़े होश, कहां से आया इतना पैसा?