A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अब UP में Paper Leak का मामला, रद्द की गई बीटेक कंप्यूटर साइंस की परीक्षा, मोबाइल पर मिला ओरिजिनल पेपर

अब UP में Paper Leak का मामला, रद्द की गई बीटेक कंप्यूटर साइंस की परीक्षा, मोबाइल पर मिला ओरिजिनल पेपर

पेपर लीक की बात सामने आने के बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। जांच के दौरान एक छात्र के पास से मोबाइल फोन पर पेपर मिला। मोबाइल फोन से बरामद पेपर एग्जाम सेंटर में छात्रों के बीच आया हुआ था।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV सांकेतिक तस्वीर

लखनऊ के डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (AKTU) में बीटेक कंप्यूटर साइंस की परीक्षा रद्द कर दी गई। यूनिवर्सिटी में सेमेस्टर में पेपर लीक होने का मामला सामने आने पर परीक्षा रद्द की गई है। बीटेक कंप्यूटर साइंस के 21 मई को हुए छठे सेमेस्टर का पेपर लीक होने का मामला सामने आया था।

छात्र के मोबाइल से मिला पेपर

नोएडा में एक छात्र के पास से चेकिंग के दौरान नकल की पर्चियां बरामद हुई थीं। इन पर्चियों पर उन्हीं सवालों के जवाब थे, जो पेपर में आए थे। इसके साथ ही एक छात्र के मोबाइल पर भी पेपर मिला था। इसके बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया।

व्हाट्सएप ग्रुप और टेलीग्राम चैनल्स पर वायरल हुआ पेपर

नोएडा स्थित एक कॉलेज द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर साइबर सेल के अधिकारियों ने औपचारिक रूप से मामले की जांच शुरू की थी। यह विवाद तब शुरू हुआ, जब ऐसी खबरें सामने आईं कि एकेटीयू के कंप्यूटर साइंस की परीक्षा समाप्त होने से पहले ही परीक्षा का प्रश्नपत्र कथित तौर पर व्हाट्सएप ग्रुप और टेलीग्राम चैनल्स पर वायरल हो गया था।

डिजिटल परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा को लेकर चिंताएं

इससे यूनिवर्सिटी की डिजिटल परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गईं थीं। यूनिवर्सिटी के अधिकारियों के अनुसार, AKTU द्वारा गठित आंतरिक जांच समिति ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी थी।

गाजियाबाद के एक सेंटर से भी पेपर लीक का मामला

गाजियाबाद के एक परीक्षा केंद्र पर एक छात्र को नकल के उद्देश्य से लाई गई सामग्री के साथ पकड़े जाने के बाद संदिग्ध पेपर लीक का मामला सामने आया था। पूछताछ के दौरान छात्र ने अधिकारियों को बताया कि परीक्षा के दिन दोपहर लगभग 1:35 बजे से ही परीक्षा का पेपर व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप्स में वायरल हो रहा था।

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कार्रवाई कर रद्द किया पेपर

इस खुलासे के बाद यूनिवर्सिटी के अधिकारियों ने वायरल पेपर के स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच शुरू की। डिजिटल रिकॉर्ड की जांच के दौरान, अधिकारियों ने पाया कि लीक हुए दस्तावेज से जुड़ा आईपी एड्रेस नोएडा के एक कॉलेज द्वारा संचालित परीक्षा केंद्र से संबंधित था। इस जांच से नोएडा का एग्जाम सेंटर के घेरे में आ गया और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। इसके बाद अब बीटेक कंप्यूटर साइंस की परीक्षा को रद्द कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें: 

उत्तर प्रदेश में कब रहेगी बकरीद की छुट्टी? योगी सरकार ने दूर की कनफ्यूजन, अवकाश को लेकर जारी किया आदेश

जिमखाना क्लब: दिल्ली हाई कोर्ट को केंद्र सरकार का आश्वासन, कहा- 5 जून को नहीं होगा कोई जबरन कब्जा, जानिए पूरा मामला