1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. इरफान सोलंकी को इलाहाबाद हाईकोर्ट से झटका, गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा रद्द करने की याचिका खारिज

इरफान सोलंकी को इलाहाबाद हाईकोर्ट से झटका, गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा रद्द करने की याचिका खारिज

गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा रद्द करने के लिए इरफान सोलंकी ने याचिका दायर की थी। हालांकि, जस्टिस समित गोपाल की सिंगल बेंच ने याचिका खारिज कर दी है। विधायक इरफान सोलंकी को 2022 में दर्ज मामले में गैंग लीडर बताया गया था।

Irfan Solanki- India TV Hindi
Image Source : X/IRFANSOLANKI अखिलेश यादव के साथ इरफान सोलंकी

कानपुर की सीसामऊ सीट से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी को बड़ा झटका लगा है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इरफान सोलंकी की याचिका खारिज कर दी है। इस याचिका में पूर्व विधायक ने उनके ऊपर लगे गैंगस्टर एक्ट को रद्द करने की मांग की थी, लेकिन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 12 जनवरी को इरफान सोलंकी की याचिका पर सुनवाई पूरी होने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।

गैंगस्टर मामले में ट्रायल कोर्ट में चल रहे मुकदमे की कार्यवाही को रद्द करने के लिए इरफान सोलंकी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। सितंबर 2025 में इरफान सोलंकी को इलाहाबाद हाईकोर्ट से गैंगस्टर मामले में जमानत मिल चुकी है। इस मामले में तत्कालीन इंस्पेक्टर अशोक कुमार दुबे को प्रतिवादी बनाया गया है।

2022 में दर्ज हुआ था मुकदमा

इरफान सोलंकी के खिलाफ पुलिस ने कानपुर के जाजमऊ थाने में दिसंबर 2022 को गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। एफआईआर में इरफान सोलंकी को गैंग लीडर बताया गया था। जस्टिस समित गोपाल की सिंगल बेंच ने याचिका पर फैसला सुनाया और इरफान सोलंकी की मांग खारिज कर दी।

इरफान पर दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे

गैंग्सट्र एक्ट से जुड़े मामले में कहा गया है कि इरफान सोलंकी गैंग के लीडर थे। वह लोगों को धमकी देकर पैसे की उगाही करते थे। उनके गैंग के लोगों पर आम लोगों के साथ मारपीट करने के भी आरोप हैं। इरफान सोलंकी के खिलाफ दो दर्जन से भी ज्यादा मामले हैं। उनके भाई रिजवान सोलंकी को भी इसी मामले में आरोपी बनाया गया है। इस सिलसिले में इरफान को पिछले साल 25 सितंबर को जमानत मिल गई थी, लेकिन अब उन्होंने केस रद्द करने के लिए याचिका दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें-

VIDEO: यूपी में भाजपा विधायक ने ही रोक दिया मंत्री स्वतंत्र देव का काफिला, सुरक्षा कर्मियों के बीच हुई झड़प

अविमुक्तेश्वरानंद ने की गाय को 'राज्यमाता' घोषित करने की मांग, जानें मीट निर्यात पर रोक के साथ क्या-क्या हैं डिमांड?