होमगार्ड भर्ती में 'नोटों के बदले फिटनेस' का आरोप! 70 अभ्यर्थियों को अनफिट करने पर कानपुर पुलिस लाइन में बवाल
यूपी के कानपुर में इस वक्त होमगार्ड भर्ती के मेडिकल टेस्ट चल रहा है, गुरुवार शाम को अभ्यर्थियों ने इस दौरान पैसे लेकर पास करने का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।

सरकारी भर्ती में चयन की उम्मीद लेकर पहुंचे अभ्यर्थियों का गुस्सा गुरुवार रात उत्तर प्रदेश के कानपुर की रिजर्व पुलिस लाइन में फूट पड़ा। होमगार्ड भर्ती के मेडिकल परीक्षण में कथित धांधली और फिटनेस के नाम पर रुपये मांगने के आरोप लगाते हुए अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया। उनका आरोप है कि मेडिकल के दौरान कभी नाक की हड्डी टेढ़ी होने तो कभी आंखों की रोशनी कमजोर होने की बात कहकर अनफिट किया जा रहा था। मेडिकल में फिट घोषित करने के नाम पर 15 हजार से 50 हजार रुपये तक मांगे जाने का भी दावा किया गया है। मामला बढ़ने पर अभ्यर्थियों ने डॉक्टर की कार में बैठे एक युवक को बाहर खींचकर पीट दिया। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने स्थिति संभाली। पुलिस ने डॉक्टर प्रवीण समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मेडिकल में फिटनेस पर सवाल, 70 अभ्यर्थियों को अनफिट करने का दावा
गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन के मैदान में होमगार्ड भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण चल रहा था। करीब 200 अभ्यर्थी जांच कराने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने मेडिकल प्रक्रिया पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। उनका आरोप था कि जांच के दौरान ऐसी शारीरिक कमियां बताई जा रही थीं, जिनके आधार पर उन्हें अनफिट घोषित किया जा सकता था। अभ्यर्थियों का कहना है कि नाक की हड्डी टेढ़ी होने और आंखों की रोशनी कमजोर होने जैसी वजहें बताकर उन्हें मेडिकल में बाहर किया जा रहा था। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि मेडिकल में फिट होने के लिए रुपये मांगे जा रहे थे। जो अभ्यर्थी कथित तौर पर रकम देने को तैयार नहीं हुए, उन्हें अनफिट घोषित कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, इस तरह करीब 70 अभ्यर्थियों को मेडिकल में अनफिट किया गया। हालांकि, इन आरोपों और मेडिकल परिणामों की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पर्ची पर मोबाइल नंबर, कार में बैठे युवक पर लेनदेन का आरोप
हंगामे के बीच अभ्यर्थियों ने कथित वसूली के तरीके को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि मेडिकल परीक्षण के दौरान कुछ अभ्यर्थियों को पर्ची पर मोबाइल नंबर लिखकर दिया जा रहा था और संबंधित व्यक्ति से संपर्क करने को कहा जाता था। अभ्यर्थियों के मुताबिक, पुलिस लाइन के मैदान में किनारे खड़ी एक कार में डॉक्टर प्रवीण का परिचित बैठा था। आरोप है कि रुपये के लेनदेन में उसकी भूमिका थी। अभ्यर्थियों का दावा है कि रकम देने के बाद कुछ लोगों को पर्ची दी जा रही थी। हालांकि, किसने किससे रुपये मांगे, वास्तव में कितने लोगों ने रकम दी और कथित लेनदेन में कौन-कौन शामिल था, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस पूछताछ के जरिए इन बिंदुओं की जांच कर रही है।
रात आठ बजे भड़का गुस्सा, कार से खींचकर युवक को पीटा
मेडिकल प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी को लेकर नाराजगी बढ़ती गई और गुरुवार रात करीब आठ बजे अभ्यर्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान डॉक्टर की कार में मौजूद युवक को अभ्यर्थियों ने बाहर खींच लिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद पुलिस लाइन परिसर में नारेबाजी होने लगी। अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने और कथित वसूली की जांच कराने की मांग उठाई। हंगामे की सूचना पर एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय, एसीपी कर्नलगंज अंजना दहिया समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को समझाने का प्रयास किया और मामले की जानकारी जुटाई।
25 अभ्यर्थियों ने रुपये देने का किया दावा
अभ्यर्थियों का दावा है कि करीब 25 लोगों ने मेडिकल में फिट होने के लिए रुपये दिए थे। हालांकि, कुछ अभ्यर्थियों ने यह भी कहा कि उनसे रकम मांगी गई, लेकिन उन्होंने पैसे नहीं दिए। ऐसे में कथित वसूली को लेकर सामने आ रहे दावों की जांच अहम हो गई है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि रकम मांगे जाने या दिए जाने की घटनाएं हुई थीं या नहीं और यदि ऐसा हुआ तो इसमें किन लोगों की भूमिका थी।
डॉक्टर प्रवीण समेत दो हिरासत में, पूछताछ जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉक्टर प्रवीण समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। अब जांच में मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया, अभ्यर्थियों को अनफिट घोषित किए जाने के आधार और कथित लेनदेन से जुड़े आरोपों की पड़ताल की जाएगी। फिलहाल, अभ्यर्थियों के आरोप सामने आए हैं और मामले में किसी की भूमिका या दोष की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
'फर्जी' वेब सीरीज देखकर शुरू किया नकली नोट बनाने का धंधा, दिल्ली में छाप डाले 500-500 के नकली नोट
उत्तर प्रदेश में बदला खेल और सुरक्षा का माहौल, सीएम योगी ने की नारी शक्ति और खिलाड़ियों की सराहना