उत्तर प्रदेश के जनपद अमरोहा में बंदरों के अचानक हमले से एक बुजुर्ग महिला की छत से गिरकर मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव पपसरा की है।
जानकारी के अनुसार, गांव पपसरा निवासी मुन्ना के घर की छत पर उनकी बुजुर्ग बहन चमेली देवी दोपहर के समय धूप सेंकने के लिए बैठी हुई थीं। दोपहर करीब 2:00 बजे अचानक बंदरों का एक झुंड आपस में लड़ता हुआ छत पर आ गया। बंदरों को देखकर महिला घबरा गईं और खड़ी हो गईं।
जान बचाने के लिए भागने लगीं
इसी दौरान बंदरों ने उन पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए चमेली देवी घबराकर इधर-उधर भागने लगीं और संतुलन बिगड़ने से वह सीधे नीचे गिर गईं। गिरने से उनके शरीर के साथ-साथ सिर में गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जैसे ही यह खबर परिवार को मिली, घर में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली, लेकिन परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस आवश्यक औपचारिकता पूरी कर वापस लौट गई।
आग लगने से बुजुर्ग महिला की मौत
एक अन्य खबर में, मुंबई के विले पार्ले (पूर्व) इलाके में सोमवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक हादसे में 63 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल है। घटना विले पार्ले स्थित सुविधा पर्ल इमारत की है। अधिकारियों के मुताबिक, आग इमारत की 13वीं मंजिल पर सुबह लगभग 9:51 बजे लगी। देखते ही देखते धुएं का गुबार और आग की लपटें फैल गईं, जिससे इमारत में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कम से कम 5 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
(रिपोर्ट- राजीव शर्मा)
ये भी पढ़ें-
कनाडा में भारतीय युवक की गोली मारकर हत्या, टोरंटो में इस साल का तीसरा मर्डर
हाईवे घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई, छापेमारी में निकला नोटों का ढेर; करोड़ों में कैश बरामद