1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'बीवी से दिन में दो-चार बार कहें Love You My Dear' कानपुर में ओवैसी का अलग अंदाज, कहा मोहब्बत बीबी से करें, वोट मजलिस को दें

'बीवी से दिन में दो-चार बार कहें Love You My Dear' कानपुर में ओवैसी का अलग अंदाज, कहा मोहब्बत बीबी से करें, वोट मजलिस को दें

AIMIM की एक जनसभा के दौरान असदुद्दीन ओवैसी का एक जुदा अंदाज भी नजर आया। वैसे तो ये चुनावी कार्यक्रम था, लेकिन बीच बीच में ओवैसी चुटकी भी लेते रहे।

Asaduddin Owaisi- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT असदुद्दीन ओवैसी

उत्तर प्रदेश के कानपुर में बाबूपुरवा के बागही ईदगाह मैदान में AIMIM की जनसभा में रविवार को सियासी भाषणों के बीच असदुद्दीन ओवैसी का एक अलग अंदाज भी देखने को मिला। मंच से उन्होंने जहां पार्टी की चुनावी रणनीति और विरोधी दलों पर निशाना साधा, वहीं शादीशुदा पुरुषों को पत्नी से प्यार का इजहार करने की सलाह देकर माहौल को हल्का-फुल्का बना दिया। ओवैसी ने कहा कि अगर मजलिस से प्यार करते हैं तो उसका इजहार भी खुलकर करें और घर में भी मोहब्बत का माहौल बनाए रखें।

'बीवी से प्यार कीजिए और मजलिस को वोट दीजिए'

सभा को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि पति-पत्नी के रिश्ते में प्यार का इजहार करने में किसी तरह की झिझक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि सुबह उठने और शाम को घर लौटने के बाद दिन में दो-चार बार पत्नी की आंखों में आंख डालकर 'I Love You My Dear' कहना चाहिए। ओवैसी ने कहा कि इससे घर का माहौल खुशनुमा रहेगा और आपसी मोहब्बत भी बढ़ेगी। इसी बात को राजनीतिक अंदाज में जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि बीवी से प्यार कीजिए और मजलिस को वोट दीजिए।

स्थानीय नेताओं ने भी साधा सपा और भाजपा पर निशाना

ओवैसी के संबोधन से पहले मंच से पार्टी के स्थानीय नेताओं ने संविधान और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाया। वक्ताओं ने कहा कि देश का संविधान ऐसा है, जिसने आम आदमी के लिए भी राजनीति में आगे बढ़ने का रास्ता खोला है। इसी क्रम में एक वक्ता ने कहा कि रिक्शा चलाने वाला विधायक और टेंपो चलाने वाला मंत्री बन सकता है, जबकि चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। वक्ता ने इसे संविधान की ताकत बताया। इसी दौरान विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा गया कि जब विपक्ष सत्ता में था, तब संविधान को लेकर कोई सवाल नहीं उठाया जाता था, लेकिन सत्ता बदलने के बाद संविधान खतरे में होने की बात कही जाती है। वक्ता ने कहा कि सदन के अंदर ओवैसी जैसे नेता की मौजूदगी जरूरी है।

बीजेपी की बी-टीम के आरोप पर पलटवार

जनसभा में AIMIM को लेकर लगाए जाने वाले ‘बीजेपी की बी-टीम’ के आरोप का मुद्दा भी उठा। मंच से समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर सवाल खड़े किए गए। वक्ताओं ने कहा कि AIMIM को लगातार भाजपा की मदद करने वाली पार्टी बताया जाता है, लेकिन दूसरी ओर सपा के मंचों पर अलग-अलग तरह के नारे लगाए जाने और उसके नेताओं के राजनीतिक संबंधों को लेकर सवाल क्यों नहीं उठाए जाते। ओवैसी ने भी सपा और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी को लेकर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब जनता के बीच दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अपने राजनीतिक विस्तार के लिए चुनाव मैदान में उतर रही है और किसी दूसरे दल के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है।

जयंत चौधरी के बयान का भी किया जिक्र

अपने संबोधन में ओवैसी ने आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी को लेकर अखिलेश यादव की कथित टिप्पणी का भी जिक्र किया। उन्होंने जयंत चौधरी और उनकी पत्नी का उल्लेख करते हुए टिप्पणी को लेकर आपत्ति जताई। ओवैसी ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने इसे अखिलेश यादव के अहंकार और सोच से जोड़कर निशाना साधा।

आई लव मोहम्मद के नारे और कानपुर कैंट से चुनाव का ऐलान

सभा के दौरान ओवैसी ने भीड़ से आई लव मोहम्मद के नारे भी लगवाए। उन्होंने कहा कि अगर किसी से मोहब्बत है तो उसका इजहार करने में संकोच नहीं होना चाहिए। इसके बाद उन्होंने AIMIM की चुनावी रणनीति को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि पार्टी इस बार कानपुर कैंट विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेगी। ओवैसी ने कहा कि गठबंधन को लेकर उनकी पार्टी की ओर से इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने सपा समेत अन्य विपक्षी दलों को लेकर कहा कि वह 2 अक्टूबर तक गठबंधन की स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार करेंगे। इसके बाद पार्टी अपनी रणनीति के मुताबिक आगे का फैसला करेगी।

कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

मेरठ में पेंशन के पैसों को लेकर हुआ खूनी खेल, मां ने बेटे और पोते पर फेंका तेजाब, फिर लगा ली फांसी

'नीला गमछा ही नहीं, पूरे शरीर पर नीला रंग लगा लें, जनता सब जानती है', डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने सपा पर बोला हमला