उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के तरयासुजान थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश आशु यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया बदमाश आशु यादव मूल रूप से बिहार के कुचायकोट थाना क्षेत्र स्थित बिन्दवलिया गांव का रहने वाला है। कुछ दिनों पहले तरयासुजान क्षेत्र में चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर उसने ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया था। इस दर्दनाक हादसे में एक पुलिस सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में कुल चार आरोपी शामिल थे, जिनमें से तीन को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। आशु यादव लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर गोरखपुर डीआईजी की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी पेट दर्द का नाटक करके पुलिस पर किया हमला
पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बीते दिनों आशु यादव को हिरासत में लिया था। जब पुलिसकर्मी उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसने पेट दर्द का नाटक किया। पुलिस ने जैसे ही गाड़ी रोककर उसे नीचे उतारा, उसने मौका पाकर दारोगा का सरकारी पिस्टल छीन लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगा।
घटना की जानकारी मिलते ही तमकुहीराज थाना, तरयासुजान थाना और स्वाट टीम ने मिलकर इलाके में बड़ा सर्च अभियान शुरू किया। पुलिस टीमों ने उसे तरयासुजान क्षेत्र के झड़वा रेलवे अंडरपास के पास घेर लिया। खुद को घिरा देख आशु ने दोबारा पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आशु के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा।
आरोपी के पास से बरामद की गई पिस्टल और कारतूस
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से छीनी गई सरकारी पिस्टल, एक मैगजीन, 8 जिंदा कारतूस और 1 इस्तेमाल किया गया कारतूस बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि आरोपी से उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है।
कुशीनगर से उदय सिंह की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
गाजियाबाद में ट्रक ने पति-पत्नी को कुचला, दोनों की मौत, इंदिरापुरम की पॉश सोसाइटी में रहते थे
हापुड़ में भीषण सड़क हादसा, गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी तेज रफ्तार थार, 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत, CCTV फुटेज आई सामने