1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अयोध्या में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद आज पहली बार संतों की VHP-RSS के साथ बैठक, जानें क्या है मुख्य एजेंडा

अयोध्या में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद आज पहली बार संतों की VHP-RSS के साथ बैठक, जानें क्या है मुख्य एजेंडा

अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद संतों की VHP-RSS के साथ आज पहली बार बैठक होने जा रही है। जानें इस मीटिंग का मुख्य एजेंडा क्या है।

Ayodhya Ram Mandir donation theft- India TV Hindi
Image Source : AP (प्रतीकात्मक फोटो) अयोध्या में मीटिंग के लिए साधु-संतों को निमंत्रण पत्र भी बांटे गए हैं।

यूपी के अयोध्या में राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद आज (गुरुवार को) पहली बार संतों, वीएचपी और आरएसएस की बैठक होगी। बैठक में ट्रस्ट की बनाई गई धार्मिक समिति के सदस्य निर्मोही अखाड़े के संत दिनेंद्र दास, मणिराम छावनी के स्वामी कमलनयन दास, रामवल्लभ कुंज के महंत राजकुमार दास, राम कथा कुंज के स्वामी रामानंद दास और स्वामी मिथिलेशनंदनी शरण मौजूद रहेंगे। यह बैठक दोपहर तीन बजे से अयोध्या की मणिराम दास छावनी में होगी।

बैठक में जुटेंगे 150 से ज्यादा संत

बैठक के लिए अयोध्या के मंदिरों और मठों के साधु-संतों को निमंत्रण बांटे गए हैं। माना जा रहा है कि आज की बैठक में 150 से ज्यादा संत जुटेंगे। अयोध्या के साधु-संतों का कहना है कि अयोध्या के राम मंदिर में अब रामानंदी संप्रदाय के लोग पूरी तरह से पूजा-अर्चना का काम देखेंगे।

चढ़ावा चोरी के दोषियों को सजा दिलाने की मांग होगी मुख्य एजेंडा

बैठक में साधु-संतों के निशाने पर विपक्ष रहेगा। बैठक के मुख्य एजेंडे में राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना के बाद भक्तों में भरोसा बनाए रखना और चढ़ावा चोरी के सभी दोषियों को सजा दिलाने की मांग करना भी है।

उठ सकता है चंपत राय की भूमिका का मुद्दा

चंपत राय, श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव के पद से इस्तीफा दे चुके हैं लेकिन अयोध्या के कई साधु-संत चंपत राय के साथ अभी भी हैं। बैठक में चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय की भूमिका का मुद्दा भी उठ सकता है। उधर, राम मंदिर ट्रस्ट की धार्मिक समिति का पुनर्गठन हो चुका है। इसके अध्यक्ष गोविंद देव गिरी बने हैं। वहीं, 7 सदस्यीय समिति में 5 संत अयोध्या के हैं।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के आरोपियों के नाम

गौरतलब है कि अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे चोरी के मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन आरोपियों कैशियर से लेकर कर्मचारी तक कई लोग शामिल हैं। ये सभी अभी न्यायिक हिरासत में हैं। इन आरोपियों के नाम राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष यादव, अविनाश शुक्ला और करुणेश पांडेय हैं।

ये भी पढ़ें- आज राम मंदिर ट्रस्ट की बड़ी बैठक, Trust को मिल सकता है नया महासचिव, CEO के सिलेक्शन पर भी आई जानकारी