उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बुधवार को श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बड़ी बैठक का आयोजन किया जाना है। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले के सामने आने के बाद ये ट्रस्ट की दूसरी बैठक है। आज ट्रस्ट को नया महासचिव मिल सकता है। आपको बता दें कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद चम्पत राय ने ट्रस्ट के महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया था। बैठक में महासचिव के साथ साथ नए ट्रस्टी के नामों का एलान हो सकता है।
ट्रस्ट में तीन पद खाली
जानकारी के अनुसार, राम मंदिर ट्रस्ट में पहले 11 परमानेंट मेंबर थे। अब तीन पद खाली हैं। अयोध्या के राज परिवार के राजा विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा का पिछले साल निधन हो गया। ट्रस्ट के महासचिव रहे चम्पत राय और मेंबर अनिल मिश्रा का इस्तीफा हो गया। ट्रस्ट डीड के मुताबिक ट्रस्ट बैठक बुलाकर इन 11 स्थाई सदस्यों में से दस का चुनाव मेजोरिटी रेसोल्यूशन से कर सकता है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक एक सीट निर्मोही अखाड़े की रिजर्व है जिसमे हेरफेर नहीं हो सकता। अभी निर्मोही अखाड़े के महंत दीनेन्द्र दास ट्रस्ट के मेंबर हैं। विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा के बेटे यतीन्द्र मिश्रा को ट्रस्ट का मेंबर बनाया जाना लगभग तय माना जा रहा है। अभी 6 जुलाई को हुई ट्रस्ट की मीटिंग में कृष्ण मोहन को ट्रस्ट का अंतरिम महासचिव बनाया गया था।
समितियों के गठन पर फैसला संभव
ट्रस्ट की पिछली बैठक राम मंदिर परिसर में हुई थी। आज की बैठक श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास कब मठ मणिराम छावनी में होगी। पहली बैठक दोपहर तीन बजे से और दूसरी बैठक चार बजे से होगी। मीटिंग में मंदिर में कार्य बंटवारा करने के लिए कई समितियों के गठन पर फैसला हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक वित्त,पूजा व्यवस्था कॉउंटिंग और दर्शन पास को लेकर काम बांटने का फैसला हो सकता है। पहले बैठक के एजेंडे में अयोध्या चढ़ावा चोरी मामले में SIT की जांच रिपोर्ट पर भी चर्चा भी थी लेकिन अब मामला सुप्रीम कोर्ट में है। इसलिए माना जा रहा है कि बैठक में SIT की रिपोर्ट पर चर्चा नहीं होगी।
ट्रस्ट को CEO कब मिलेगा?
इसके अलावा मीटिंग में सीईओ का क्या रोल होगा इस पर चर्चा हो सकती है। अयोध्या के राम मंदिर का सीईओ बनने के लिए 5 हज़ार से ज़्यादा आवेदन आ गए हैं। इतने आवेदन आने के बाद सेलेक्ट कमेटी पहले स्क्रूटनी करके नाम छांटने का काम कर रही है। फिर आवेदन करने वालों का इंटरव्यू होगा और तब ट्रस्ट के सामने तीन नाम रखे जाएंगे और ट्रस्ट एक नाम सेलेक्ट करेगा। सूत्रों के मुताबिक, 15 अगस्त तक फाइनल हो पायेगा कि सीईओ कौन बनेगा। सीईओ चुनने के लिए तीन लोगों की सेलेक्ट कमेटी बनाई गई है। कमेटी में रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल(रिटायर्ड) विष्णुकांत चतुर्वेदी और सुरेश हावरे हैं।
ये भी पढ़ें- राम मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं के चढ़ावे की गिनती फिर 2 शिफ्टों में शुरू कराई, नए गणना प्रभारी के हाथों में कमान