A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पानी में छिपा गहरा गड्ढा, बाइक सवार पलटी खाकर गिरा! बागपत का चौंकाने वाला CCTV फुटेज वायरल

पानी में छिपा गहरा गड्ढा, बाइक सवार पलटी खाकर गिरा! बागपत का चौंकाने वाला CCTV फुटेज वायरल

बागपत में सड़क पर बने एक गहरे गड्ढे ने एक बाइक सवार को अचानक हादसे का शिकार बना दिया। यह घटना तब हुई जब बाइक सवार अपने काम से जा रहा था।

बागपत में सड़क के...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बागपत में सड़क के गड्ढे में गिरा बाइक सवार।

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां सड़क पर बने गहरे गड्ढे ने एक बाइक सवार को अचानक हादसे का शिकार बना दिया। यह पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका करीब 17 सेकंड का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ट्रैक्टर से बचते-बचते बाइक सवार गड्ढे में गिरा

मामला बागपत के पुराने कस्बे में पुलिस चौकी के पास का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। एक तरफ पानी भरा हुआ है, जिससे सड़क की असली स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है। इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पानी के पास से गुजरती हुई दिखाई देती है। उसी समय सामने की ओर से हेलमेट पहने एक बाइक सवार आता है। जैसे ही वह जलभराव वाले हिस्से के पास पहुंचता है, अचानक उसकी बाइक का अगला पहिया सड़क पर बने गहरे गड्ढे में चला जाता है। गड्ढा पानी से भरा होने के कारण बाइक सवार को उसका अंदाजा नहीं लग पाता। अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक सवार पलटी खाकर सड़क पर गिर पड़ता है।

बागपत में सड़क की बदहाली का ताजा उदाहरण

हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचते हैं और घायल बाइक सवार को उठाकर संभालते हैं। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई गंभीर चोट की सूचना नहीं मिली है, लेकिन यह हादसा सड़क की बदहाल स्थिति को उजागर करता है। इस घटना के वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस इलाके में सड़क के गड्ढों की समस्या बनी हुई है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने-

स्थानीय निवासियों ने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत की उचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

(रिपोर्ट- पारस जैन)