1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कार की छत पर बैठ फिल्मी स्टाइल में आए दबंग, युवक को घेरकर कर दी लात-घूंसों की बरसात

कार की छत पर बैठ फिल्मी स्टाइल में आए दबंग, युवक को घेरकर कर दी लात-घूंसों की बरसात

Baghpat Beating: बागपत में होली के दौरान कुछ दबंगों ने मिलकर एक युवक को बुरी तरह से पीट दिया। सभी बदमाश कार और उसकी छत पर बैठकर आए थे। इसका वीडियो CCTV में रिकॉर्ड हो गया।

Baghpat Holi viral video- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT बागपत में दबंगों ने युवक से मारपीट की है।

Baghpat Viral Video: यूपी में बागपत के चांदीनगर थाना क्षेत्र के लहचौड़ा गांव में होली के हुड़दंग के बीच दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां एक युवक पर फिल्मी अंदाज में हमला करने पहुंचे बदमाशों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक कार की छत पर बैठकर स्टंट करते हुए गांव में पहुंचते दिखाई दे रहे हैं और इसके बाद एक युवक के साथ मारपीट करने लगते हैं।

होली में घर के बाहर खड़े युवक को कूटा

जानकारी के अनुसार, लहचौड़ा गांव के रहने वाले कार्तिक अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान, एक कार में सवार होकर आधा दर्जन से ज्यादा युवक वहां पहुंचे। वीडियो में दिख रहा है कि युवक कार की छत पर बैठकर फिल्मी स्टाइल में स्टंट करते हुए गांव में आए और सीधे कार्तिक के पास पहुंच गए। पहले युवकों ने कार्तिक के साथ गाली-गलौज की और देखते ही देखते लात-घूंसों से उसपर हमला कर दिया।

मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुआ युवक

अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर युवक को हमलावरों से छुड़ाया। मारपीट में कार्तिक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बाद में उपचार के लिए भेजा गया।

CCTV में कैद हुई वारदात

इस घटना की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वायरल हो रहे फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ युवक कार की छत पर बैठकर स्टंट कर रहे हैं और फिर युवक के पास पहुंचकर उस पर हमला कर देते हैं। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

पुलिस को नहीं मिली शिकायत

बताया जा रहा है कि बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता भी करा दिया गया। वहीं, चांदीनगर थाना प्रभारी अतर सिंह का कहना है कि इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर किसी पक्ष की तरफ से तहरीर दी जाती है तो मामले की जांच कर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

(इनपुट- पारस जैन)

ये भी पढ़ें- 'होली मिलन' के बहाने घर में घुसे बदमाश, कारोबारी दंपति को बनाया बंधक, लाखों के जेवर-कैश ले उड़े