Wednesday, March 04, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'होली मिलन' के बहाने घर में घुसे बदमाश, कारोबारी दंपति को बनाया बंधक, लाखों के जेवर-कैश ले उड़े

'होली मिलन' के बहाने घर में घुसे बदमाश, कारोबारी दंपति को बनाया बंधक, लाखों के जेवर-कैश ले उड़े

Edited By: Khushbu Rawal @khushburawal2 Published : Mar 04, 2026 10:06 pm IST, Updated : Mar 04, 2026 10:14 pm IST

अलीगढ़ में होली मिलन के बहाने घर में घुसकर 4 बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में खलबली मच गई है।

लूट के बाद बिखरा...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT लूट के बाद बिखरा सामान।

यूपी के अलीगढ़ शहर में होली के मौके पर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां होली मिलन के बहाने घर में घुसकर 4 बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। स्क्रैप कारोबारी और उनकी पत्नी को एक कमरे में बंद कर दिया। उसके बाद बदमाशों ने जमकर घर में लूटपाट की और मौके से फरार हो गए। बाद में किसी तरह पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।

हथियारों के बल पर बनाया बंधक

पीड़ित विनोद कुमार ने बताया कि वह अपने घर में बेड पर बैठे थे, तभी पीछे की जाली पर लगे लैच के पास रंग लगे एक व्यक्ति ने आवाज दी और ‘होली मिलन’ कहकर पास आने को कहा। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो युवक की पहचान अनाड़ी के रूप में हुई। उसके पीछे तीन अन्य लोग भी थे, जिनके हाथों में कट्टा, तमंचा और चाकू जैसे हथियार दिखाई दे रहे थे।

पत्नी के कंगन उतरवाए, बेटी की अलमारी से सामान लूटा

आरोप है कि चारों बदमाश जबरन गेट खोलकर घर में घुस आए और दंपति के साथ मारपीट व हाथापाई की। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि गोली और चाकू मार देंगे। विनोद कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी के हाथों में पहने कंगन उतार लिए गए। इसके बाद बेटी के कमरे की अलमारी खोलकर उसमें रखा सामान भी समेट लिया।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस।
Image Source : REPORTER INPUTघटनास्थल पर पहुंची पुलिस।

जाते-जाते भी दी धमकी

बदमाश उनके दो मोबाइल फोन भी ले गए और घर में लगा जिओ का वाई-फाई राउटर को निकालकर चले गए। जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि अंदर चले जाओ, वरना गोली मार देंगे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है।

पुलिस ने क्या कहा?

ASP मयंक पाठक ने बताया कि चौकी घुडियाबाग क्षेत्र से कुछ अज्ञात लोगों द्वारा एक घर में घुसकर लूट करने की सूचना प्राप्त हुई। इस सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की तो पता चला कि 4 व्यक्ति जो होली के रंग में रगे हुए थे जो होली पर मिलने के बहाने एक घर में घुस गए और आभूषण व रुपये लूटकर फरार हो गए। उच्चाधिकारियों द्वार मौका मुआयना कर घटना के सफल अनावरण हेतु टीमों का गठन किया गया। घटनास्थल के आस-पास सीसीटीवी कैमरे चेक करते हुए आरोपियों की पहचान कराई जा रही है।  

(अलीगढ़ से प्रदीप की रिपोर्ट)

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement