1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में गणेश विसर्जन के दौरान तेज DJ के शोर से स्कूल में पढ़ रही छात्रा बेहोश! देखते ही देखते चली गई जान

यूपी में गणेश विसर्जन के दौरान तेज DJ के शोर से स्कूल में पढ़ रही छात्रा बेहोश! देखते ही देखते चली गई जान

मृतक छात्रा कक्षा दो में पढ़ती थी। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि गणेश यात्रा में बज रहे डीजे की तेज आवाज के चलते छात्रा बेहोश हो गई और इसके बाद वह उठ नहीं सकी।

डीजे की आवाज से कक्षा में बेहोश हुई छात्रा- India TV Hindi
Image Source : X@ABHISHEKMCRP डीजे की आवाज से कक्षा में बेहोश हुई छात्रा

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर नगर से हैरान कर देने वाला मामले सामने आया है। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे की कथित तेज आवाज से स्कूल में पढ़ रही दूसरी कक्षा की एक छात्रा बेहोश हो गई। इस मासूम छात्रा ती मौत हो गई। हालांकि, पुलिस ने बताया कि बच्ची की मौत का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। 

कक्षा दो में पढ़ती थी छात्रा वैष्णवी

पुलिस के मुताबिक, मृतक छात्रा की पहचान वैष्णवी के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि बलरामपुर नगर के एक निजी स्कूल में कक्षा दो की छात्रा वैष्णवी पढ़ाई कर रही थी और इसी दौरान स्कूल के बगल से गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा निकाली जा रही थी। 

अपनी सीट पर गिरकर बेहोश हुई छात्रा

पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यात्रा में बज रहे डीजे की तेज आवाज के कारण छात्रा अपनी सीट पर गिरकर बेहोश हो गई। पुलिस ने कहा कि शिक्षकों ने तत्काल बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

घटना के बाद डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इस घटना के बाद नगर पालिका परिषद सभागार में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में नगर में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।

अब भविष्य में किसी त्योहार में नहीं बजेगा डीजे

नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉक्टर धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बच्ची की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि डीजे की तेज ध्वनि से हुई इस घटना को देखते हुए बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया है कि भविष्य में किसी भी त्योहार में डीजे का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बुधवार को नगर पालिका परिषद समेत विभिन्न संगठनों के लोग जिलाधिकारी से मुलाकात कर डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग करेंगे। 

जानिए इस मामले में क्या बोली पुलिस

वहीं, इस मामले पर बलरामपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल उस दावे का खंडन करते हुए कहा है कि कक्षा 2 की सात वर्षीय छात्रा की मौत डीजे की तेज आवाज के कारण होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक, छात्रा 21 सितंबर को स्कूल के क्लासरूम में अज्ञात कारणों से बेहोश हो गई थी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस का कहना है कि परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। पीड़ित परिजन किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं। घटना की सूचना भी पुलिस को परिजनों की ओर से नहीं दी गई थी। फिलहाल पुलिस स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

(भाषा के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

यूपी के बंटवारे पर फिर बोले ओपी राजभर, कहा- 'बंटवारा तो होगा, मैं पूर्वांचल का सीएम भी बन सकता हूं'