1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी के बंटवारे पर फिर बोले ओपी राजभर, कहा- 'बंटवारा तो होगा, मैं पूर्वांचल का सीएम भी बन सकता हूं'

यूपी के बंटवारे पर फिर बोले ओपी राजभर, कहा- 'बंटवारा तो होगा, मैं पूर्वांचल का सीएम भी बन सकता हूं'

 Reported By: Ruchi Kumar,  Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 22, 2026 04:40 pm IST,  Updated : Sep 22, 2026 04:45 pm IST

ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटा जाना चाहिए। यूपी का बंटवारा तो होकर रहेगा। ऐसे में वह पूर्वांचल के सीएम भी बन सकते हैं।

सुभासपा के अध्यक्ष ओपी राजभर- India TV Hindi
सुभासपा के अध्यक्ष ओपी राजभर Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। इसके साथ ही राजभर ने एक बार फिर यूपी के बंटवारे को लेकर कहा कि वह पूर्वांचल के सीएम बन सकते हैं। ओपी राजभर ने हनुमान जी के पोस्टर को लेकर कहा कि अखिलेश जी को आशीर्वाद हनुमान जी कैसे दे पाएंगे? भगवान राम इधर हैं।

राजभर ने कहा कि जो लोग राम मंदिर का विरोध करते रहे हैं, उन्हें भगवान राम का आशीर्वाद कैसे मिलेगा। राजभर इससे पहले भी अखिलेश यादव के राम मंदिर नहीं जाने को लेकर सवाल उठा चुके हैं।

भगवान राम तो एनडीए के साथ

राजभर ने कहा कि “भगवान राम इधर हैं, भगवान राम बीजेपी के साथ हैं। भगवान राम तो एनडीए के साथ हैं। एनडीए ने राम मंदिर बनाया है।” उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि भगवान का आशीर्वाद उन लोगों को मिलेगा या उन्हें, जो मंदिर के विरोध में रहे हैं।

सरकारी नौकरियों को लेकर भी अखिलेश पर निशाना

सरकारी नौकरियों के मुद्दे पर राजभर ने कहा कि मौजूदा सरकार में बिना पैसे के नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लिए जाते थे। राजभर पहले भी सपा सरकार के कार्यकाल में नौकरियों में कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाते रहे हैं। वहीं, हाल ही में उन्होंने दावा किया था कि योगी सरकार में करीब 9.5 लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

आने वाले समय में यूपी का चार हिस्सों में बंटवारा होगा

उत्तर प्रदेश के बंटवारे के सवाल पर ओपी राजभर ने कहा कि आने वाले समय में राज्य का चार हिस्सों में बंटवारा होगा। उन्होंने पूर्वांचल को अलग राज्य बनाए जाने की स्थिति में मुख्यमंत्री बनने की संभावना का भी जिक्र किया। राजभर ने कहा कि “बंटवारा तो होगा, मैं भी पूर्वांचल का सीएम बन सकता हूं।”

यूपी के बंटवारे के पीछे पड़े ओपी राजभर

राजभर ने हाल ही में यूपी को चार हिस्सों में बांटने की बात कही थी और पूर्वांचल को अलग राज्य बनाए जाने पर राजभर समुदाय के व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाए जाने की बात भी कही थी। हालांकि, फिलहाल उत्तर प्रदेश के विभाजन को लेकर केंद्र की ओर से कोई आधिकारिक फैसला या विधायी प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है।

ये भी पढ़ें: 

कन्नौज में छात्रा का अपहरण कर खिलाई चूहेमार दवा, सड़क किनारे फेंका, इलाज के दौरान मौत, मृतका ने लिए 3 नाम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।