1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मथुरा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 2.13 लाख की लूट का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार

मथुरा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 2.13 लाख की लूट का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Nov 08, 2026 10:53 am IST,  Updated : Nov 08, 2026 10:54 am IST

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें पुलिस की गोली लगने से एक शातिर बदमाश घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उसका दूसरा साथी मौके से भागने में सफल रहा।

Mathura Police- India TV Hindi
मथुरा पुलिस Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के छाता इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। पुलिस, सर्विलांस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक शातिर बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने दबोच लिया। हालांकि उसका दूसरा साथी मौके से भागने में कामयाब रहा।

क्या था पूरा मामला?

यह पूरी कहानी 2 नवंबर 2026 की है। छाता इलाके में स्थित केडी मेडिकल कॉलेज के पुल के पास बाइक पर सवार दो बदमाशों ने एक व्यक्ति को धक्का देकर उससे 2 लाख 13 हजार 740 रुपये लूट लिए थे। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया था, और पीड़ित की शिकायत पर छाता थाने में मामला दर्ज किया गया था।

शनिवार को कैसे बिछाया गया पुलिस का जाल?

7 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से खबर मिली कि वही लुटेरे एक बार फिर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए संस्कृति यूनिवर्सिटी फ्लाईओवर (एनएच-19) के पास से गुजरने वाले हैं। इस सूचना पर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। जैसे ही बाइक पर सवार दो संदिग्ध लोग वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली

अपनी जान बचाने के लिए पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। इस दौरान फरीदाबाद (हरियाणा) के छायसा गांव का रहने वाला राहुल नाम का बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया और पुलिस ने उसे वहीं दबोच लिया। उसका साथी शिवकुमार मौके से भाग निकला, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

क्या-क्या हुआ बरामद?

पुलिस ने पकड़े गए आरोपी राहुल के पास से लूटे गए रुपयों में से 52,500 रुपये नकद, घटना में इस्तेमाल की गई हरियाणा नंबर की मोटरसाइकिल, एक तमंचा (.315 बोर) और कारतूस बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी राहुल कोई आम अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ मथुरा, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), बुलंदशहर और अलीगढ़ में चोरी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों के कुल 11 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी है।

मथुरा से विपिन सारस्वत की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

गाजियाबाद में दर्दनाक हादसा! निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरा, कई मजदूर मलबे में फंसे; एक की मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।