A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. परीक्षा देकर दादा के साथ लौट रहा था छात्र, DCM की चपेट में आने से दोनों की मौत

परीक्षा देकर दादा के साथ लौट रहा था छात्र, DCM की चपेट में आने से दोनों की मौत

बाराबंकी में एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक छात्र और उसके दादा की मौत हो गई। परीक्षा खत्म होने के बाद छात्र अपने दादा के साथ बाइक से घर लौट रहा था।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : FILE (PTI) प्रतीकात्मक फोटो

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के देवा थाना क्षेत्र अंतर्गत चिनहट मार्ग पर रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक छात्र और उसके दादा की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान लखनऊ के गोमतीनगर थाना क्षेत्र के गुलाम हुसैन पुरवा निवासी आयुष यादव (20) के रूप में हुई है, जो स्नातक तृतीय वर्ष का छात्र था। आयुष रविवार को तहसील फतेहपुर-बेलहरा रोड स्थित साईं पीजी कॉलेज में अपनी परीक्षा देने गया था।

बाइक से जा रहे थे दादा-पोता

परीक्षा खत्म होने के बाद आयुष अपने दादा रामस्वरूप (59) के साथ बाइक से घर लौट रहा था। चिनहट-देवा रोड पर बरेठी चौराहे के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दादा-पोते दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंची। गंभीर रूप से घायल दोनों को बिना एंबुलेंस का इंतजार किए, एक पिकअप वाहन से जिला अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने वाहन किया जब्त

मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संगम कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद डीसीएम चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सीओ ने बताया कि पुलिस ने डीसीएम को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश जारी है। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

गोवा अग्निकांड के 25 मृतकों की लिस्ट आई सामने, दम घुटने से हुई थी 23 लोगों की मौत

400 साल पुराने पेड़ के तने से निकली हनुमान जी की 4 फीट ऊंची प्रतिमा, दर्शन के लिए उमड़ी भीड़; देखें VIDEO