राजस्थान के कोटा में रविवार दोपहर को एक चमत्कारी घटना सामने आई। यहां दशहरा मैदान क्षेत्र के बड़ा राम द्वारा के पास एक पुराने पेड़ के तने के अंदर से हनुमान जी की लगभग साढ़े तीन से चार फीट ऊंची प्राचीन प्रतिमा अचानक निकली। यह खबर तेजी से आस-पास के इलाके में फैल गई, जिसके बाद प्रतिमा के दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
300-400 साल पुराने पेड़ में मिली प्रतिमा
यह घटना बड़ा राम द्वारा के पास स्थित एक 300-400 साल पुराने आश्रम परिसर की है। पूर्व वार्ड पार्षद धीरेंद्र चौधरी ने बताया कि परिसर में एक सूखा पेड़ था, जिसके तने को रविवार दोपहर सफाई के दौरान जलाया गया। पेड़ के तने को जलाने के कुछ देर बाद लोगों को तने के बीच में प्रतिमा के आकार का एक हिस्सा दिखाई देने लगा। लोगों ने तुरंत सतर्कता बरती और सावधानीपूर्वक तने को काटा, जिसके बाद हनुमान जी की प्राचीन प्रतिमा बाहर निकली।
प्रतिमा के निकलने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने वार्ड पार्षद को सूचित किया। पार्षद ने मौके पर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना करवाई। हनुमान जी की प्रतिमा मिलने की खबर से पूरे इलाके में धार्मिक उत्साह का माहौल बन गया है। प्रतिमा का निचला हिस्सा तने के अंदर दिखाई दिया, इस मामले में लोगों ने अपनी अलग-अलग प्रतिक्रिया दी हैं।
पुरातत्व विभाग को दी गई जानकारी
स्थानीय निवासियों ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस, साधु-संत समाज और पुरातत्व विभाग को इसकी सूचना दे दी है। अब प्रशासन और पुरातत्व विभाग की टीम इस प्रतिमा के प्राचीन महत्व की जांच करेगी। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचकर इस अद्भुत प्रतिमा के दर्शन कर रहे हैं।
(रिपोर्ट- दिनेश कश्यप)
ये भी पढ़ें-
गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: गाजियाबाद के एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, छुट्टियां मनाने गए थे