1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. टायर फटने से कार बेकाबू होकर खाई में पलटी, 4 युवकों की मौत; 2 लोग गंभीर रूप से घायल

टायर फटने से कार बेकाबू होकर खाई में पलटी, 4 युवकों की मौत; 2 लोग गंभीर रूप से घायल

 Reported By: Manish Bhattacharya,  Written By: Mangal Yadav
 Published : Oct 23, 2026 11:59 am IST,  Updated : Oct 23, 2026 12:08 pm IST

दौसा-मनोहरपुर NH-148 पर हुए सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। मृतक यूपी के आगरा के रहने वाले थे। ये लोग खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे थे।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

जयपुर: जयपुर के जमवारामगढ़ में कार खाई में पलटने से चार युवकों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार तड़के दौसा-मनोहरपुर नेशनल हाईवे (NH-148) पर एक कार टायर फटने से बेकाबू होकर सड़क किनारे एक गहरी खाई में जा गिरी। कार सवार लोग खाटू श्यामजी के दर्शन करके आगरा लौट रहे थे।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अतुल, मुकुल, रूपेश व शिवा के रूप में की गई। राहुल और अर्पित घायल हैं। घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे के शिकार लोग यूपी के आगरा के रहने वाले थे। ये हादसा रायसर थाना क्षेत्र के भट्ट का बास के पास हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

घायलों का इलाज जारी

रायसर थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि हादसा टायर फटने की वजह से हुआ। मृतकों की पहचान आगरा निवासी अतुल, मुकुल, रूपेश और शिवा के रूप में हुई है। कार में सवार दो अन्य लोग, राहुल और अर्पित, गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। रायसर थाना क्षेत्र से गुजर रही कार का टायर फट गया। इसकी वजह से ड्राइवर का गाड़ी से नियंत्रण हट गया और कार खाई में जा गिरी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला। 

बस और टेंपो की टक्कर में महिला और दो बच्चों की मौत 

इससे पहले जालोर जिले में बृहस्पतिवार को राजस्थान रोडवेज की बस और टेंपो की आमने-सामने की टक्कर में एक महिला और उसके बेटे और बेटी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, हादसा रामसीन-भीनमाल राज्य राजमार्ग पर भारुड़ी गांव के पास हुआ। रामसीन थानाधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान मूथला कांबा गांव निवासी ललिता देवी (42), उनके बेटे कैलाश (19) और बेटी सुमन कुमारी (17) के रूप में हुई है। ललिता का आठ वर्षीय बेटा राजू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका उपचार जारी है। इससे पहले चूरू में भीषण रोड एक्सीडेंट में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई थी।

ये भी पढेंः राजसमंद के रिहायशी इलाके में तेंदुआ दिखने से दहशत, 2 सेकेंड में पिल्ले को उठा ले गया; वन विभाग ने लगाया पिंजरा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।