राजस्थान के झुंझुनूं जिले के बिसाऊ कस्बे के वार्ड नंबर 23 में बुधवार सुबह एक दम्पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। घर के कमरे में 28 वर्षीय कौशर मृत अवस्था में पलंग पर मिली, जबकि उसके पति अब्दुल रहीम (34) का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। प्रारंभिक जांच में पत्नी की हत्या और उसके बाद पति की मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
कैसे हुआ मामले का खुलासा?
परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे अब्दुल रहीम के छोटे भाई की पत्नी बच्चों को स्कूल भेजने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से जेठ-जेठानी को जगाने उनके कमरे में पहुंची। दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजे के नीचे लाल रंग जैसा तरल पदार्थ दिखाई देने पर उसने दरवाजे को धक्का दिया, जिससे वह खुल गया। कमरे के अंदर अब्दुल रहीम का शव फंदे पर लटका हुआ था, जबकि कौशर पलंग पर मृत अवस्था में पड़ी थी। यह देखकर वह घबरा गई और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए।
एफएसएल और एमओबी टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर बिसाऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और एमओबी टीमों को बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक निरीक्षण के दौरान कौशर के हाथ-पैर रस्सी से बंधे होने और गले पर चोट के निशान होने की बात सामने आई। कमरे में कुछ दवाइयां भी मिलीं, जिनकी प्रकृति और उपयोग की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया है।
15 साल पहले हुई थी शादी, दो बेटे हैं
जानकारी के अनुसार, अब्दुल रहीम की शादी करीब 15 वर्ष पहले फतेहपुर निवासी कौशर से हुई थी। दम्पति के दो बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब 14 और 10 वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। अब्दुल रहीम के पिता अलीम ने बताया कि वह दूसरे मकान में रहते हैं। घटना के समय वह एक निजी स्कूल में ड्यूटी पर थे, तभी उन्हें फोन के जरिए इसकी जानकारी मिली। आपको बता दें कि इससे पहले राजस्थान के अलवर जिले में भी एक युवक ने अपनी गर्भवती प्रेमिका की हत्या कर दी थी और फरार हो गया था। जानकारी के अनुसार, दोनों पहले से शादीशुदा थे और उनके दो-दो बच्चे भी थे।
एडिशनल SP और DSP ने किया मौका मुआयना
झुंझुनूं में हुई अपराध की इस घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी देवेंद्र सिंह राजावत और डीएसपी नरेश कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा परिजनों से जानकारी ली। एफएसएल टीम के विजय भान सांखला और केशव चतुर्वेदी सहित झुंझुनूं की एमओबी टीम के एएसआई सतवीर और कांस्टेबल सुमन ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। कौशर के पीहर पक्ष के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद जटिया अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए।
घरेलू विवाद की आशंका, जांच के बाद होगा खुलासा
थाना सीआई उमाशंकर शर्मा के अनुसार, प्रथम दृष्टया पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस फॉरेंसिक साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल इस घटना ने पूरे कस्बे को स्तब्ध कर दिया है। दम्पति की संदिग्ध मौत के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। (रिपोर्ट: अमित शर्मा)
ये भी पढ़ें- अलवर में मां ने कैंची से हमला कर अपने दो बच्चों की हत्या की, खुद भी कर लिया सुसाइड; बचाने गई बहन घायल
1050 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 9 साल का बच्चा, 39 घंटे चले रेस्क्यू के बाद अस्पताल में मृत घोषित