1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजसमंद के रिहायशी इलाके में तेंदुआ दिखने से दहशत, 2 सेकेंड में पिल्ले को उठा ले गया; वन विभाग ने लगाया पिंजरा

राजसमंद के रिहायशी इलाके में तेंदुआ दिखने से दहशत, 2 सेकेंड में पिल्ले को उठा ले गया; वन विभाग ने लगाया पिंजरा

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Oct 22, 2026 11:57 am IST,  Updated : Oct 22, 2026 12:17 pm IST

राजस्थान के राजसमंद के रिहायशी इलाकों में तेंदुआ देखा गया है। CCTV फुटेज में इसे घरों के बाहर आवारा पिल्लों का शिकार करते हुए देखा गया है।

रिहायशी इलाके में दिखा तेंदुआ- India TV Hindi
रिहायशी इलाके में दिखा तेंदुआ Image Source : REPORTER

उदयपुर संभाग के राजसमंद जिले में आबादी क्षेत्र में लेपर्ड (तेंदुआ) के मूवमेंट से दहशत का माहौल बना हुआ हैं। लेपर्ड जैसे ही आबादी क्षेत्र में घुसा तो वहां घूम रहे कुत्तों ने दौड़ा लिया। इसी दौरान लेपर्ड ने सीढ़ी पर चढ़ रहे पिल्ले को गर्दन से दबोचा और झाड़ियों में लेकर भाग गया। यह पूरी घटना वहां पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, खास बात यह रही कि लेपर्ड 2 सेकेंड से भी कम समय में कुत्ते के पिल्ले को उठा ले गया। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद आसपास के क्षेत्र में डर का माहौल है, यह पूरा मामला राजसमंद जिले के जावद के श्रीजीनगर का है।

5 दिन में दूसरी बार आया लेपर्ड

जानकारी के अनुसार, यहां 5 कुत्तों का झुंड रहता है। इसमें 3 बड़े और 2 छोटे पिल्ले हैं। देर रात घात लगाकर बैठा लेपर्ड झुंड पर झपट पड़ा। इसमें एक पिल्ला लेपर्ड की पकड़ में आ गया। लेपर्ड उसे गर्दन से दबोच कर ले गया। सुबह जब गली के लोग सुबह उठे तो उन्हें एक पिल्ला कम दिखाई दिया। राजेंद्र सिंह चुंडावत और कपिल टांक के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। 

लोगों ने वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की

स्थानीय लोगों ने वन विभाग से लेपर्ड को पकडने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है ताकि लेपर्ड को यहां से दूर भेजा जा सकें और लोगों में फैला डर खत्म हो सकें। वहीं दूसरी और डीएफओ ने अपील की है कि रात्रि के समय लोग सावधानी रखें, कहीं पर भी लेपर्ड का मूवमेंट दिखे तो वन विभाग या हेल्पलाइन पर सूचना करें। फिलहाल बताए स्थान पर पिंजरा लगा दिया गया है। खबर लिखे जाने तक तेंदुए को पकड़ा नहीं जा सका है। तेंदुए की वजह से लोग डरे हुए हैं। 

अगस्त में भी दिखा था तेंदुआ

इससे पहले अगस्त महीने में भी राजसमंद शहर में तेंदुआ दिखा था। महावीर नगर कॉलोनी में एक खाली घर के बरामदे में एक तेंदुआ बैठा था। पड़ोस में रहने वाली सुधा सिंह भाटी ने सुबह अपने घर का दरवाजा खोला, तो उन्होंने देखा कि खाली घर के बरामदे में एक तेंदुआ बैठा है। सुधा के शोर मचाने पर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। शोर सुनकर तेंदुआ बरामदे से कूदकर सड़क पर आ गया। इसी दौरान, एक और पड़ोसी भंवर सिंह चुंडावत का जर्मन शेफर्ड कुत्ता तेंदुए के पीछे दौड़ पड़ा। इसके बाद, तेंदुआ तालेड़ी नाले की झाड़ियों की तरफ भाग गया।

रिपोर्ट - भगवान प्रजापत

ये भी पढ़ेंः पत्नी को नींद की गोलियां देकर हाथ-पैर बांधे और फिर काट डाला गला, खुद भी फंदे पर झूला अब्दुल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।