यमन के हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच तनाव बढ़ता ही जा रहा है। हूती विद्रोहियों के हमलों के दावों के बाद बंद हुए सऊदी अरब के रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 और टर्मिनल-2 से रविवार (25 अक्टूबर) से उड़ानें फिर से शुरू की जाएंगी। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। साथ ही टर्मिनलों के इस्तेमाल और फ्लाइट स्टेटस की जानकारी भी दी है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, टर्मिनल-1 से घरेलू उड़ानों का संचालन किया जाएगा, जबकि टर्मिनल-2 को राष्ट्रीय एयरलाइंस की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने यात्रियों से एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से संपर्क कर बुकिंग और फ्लाइट का स्टेटस कन्फर्म करने की अपील की है।
हूतियों ने कई अहम ठिकानों को निशाना बनाने का किया दावा
इससे पहले हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने दावा किया था कि संगठन ने सऊदी अरब में कई महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमले किए हैं। इनमें रियाद का किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, यानबू स्थित अरामको की सुविधा, रबीग रिफाइनरी और ईस्ट-वेस्ट ऑयल पाइपलाइन शामिल हैं।
इन एयरपोर्ट को बनाया गया निशाना!
हूथी प्रवक्ता के अनुसार, दम्माम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नजरान एयरपोर्ट और खामिस मुशैत एयरबेस को भी निशाना बनाया गया। संगठन ने रियाद एयरपोर्ट को सैन्य ठिकाना बताते हुए एयरलाइंस, कर्मचारियों और यात्रियों को इसका इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी भी दी थी। हालांकि, हूतियों की ओर से किए गए इन हमलों के दावों की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध जानकारी के आधार पर नहीं की जा सकती।
एयर इंडिया ने भी उड़ानें कीं निलंबित
सऊदी अरब में बदलते सुरक्षा हालात को देखते हुए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी कुछ उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित करने की घोषणा की है। एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों को मुफ्त रीबुकिंग या पूरा रिफंड देने का विकल्प उपलब्ध कराने की बात कही है। जारी एडवाइजरी के अनुसार, रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली उड़ानें 7 नवंबर तक, जबकि जेद्दा से जुड़ी सेवाएं 31 अक्टूबर तक निलंबित रहेंगी।
उड़ानों के शेड्यूल में बदलाव
रियाद एयरपोर्ट के दो टर्मिनलों से उड़ान संचालन दोबारा शुरू होने के बावजूद यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी एयरलाइन से ताजा जानकारी प्राप्त करें। क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति और उड़ानों के शेड्यूल में बदलाव को देखते हुए एयरपोर्ट पहुंचने से पहले फ्लाइट की पुष्टि करना जरूरी होगा।
(इनपुट-एएनआई)
ये भी पढ़ें:
क्या ईरान पर फिर टूटेगा इजरायल का कहर? नेतन्याहू बोले- 'गलतियों से सबक नहीं सीखा'