1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बिजली अधिकारियों की वसूली पर भड़के BJP विधायक ज्ञान तिवारी, बोले- जनता का सब्र टूटा तो बचा नहीं पाओगे

बिजली अधिकारियों की वसूली पर भड़के BJP विधायक ज्ञान तिवारी, बोले- जनता का सब्र टूटा तो बचा नहीं पाओगे

उत्तर प्रदेश के बीजेपी विधायक ज्ञान तिवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक ज्ञान तिवारी बिजली विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें सख्त चेतावनी देते नजर आ रहे हैं।

Gyan Tiwari talking to Electric official- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बिजली अधकारियों से बात करते हुए ज्ञान तिवारी

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सेउता विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक ज्ञान तिवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक बिजली विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त लहजे में चेतावनी देते नजर आ रहे हैं।

बिजली विभाग के अधिकारियों पर वसूली का आरोप

वायरल वीडियो में विधायक ज्ञान तिवारी बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता से फोन पर बात कर रहे हैं और उपखंड अधिकारी (SDO) की कार्यशैली पर कड़ा ऐतराज जता रहे हैं। विधायक का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पैसों की उगाही कर रहे हैं। जो लोग रिश्वत दे रहे हैं, केवल उन्हीं के घरों और इलाकों की बिजली ठीक की जा रही है, जबकि पैसे न देने वालों को अंधेरे में रखा जा रहा है। विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में टूटे हुए बिजली के खंभे लगाने के लिए भी वसूली की जा रही है।

तबादला करवा लें, वरना जनता घेराव करेगी

विधायक ज्ञान तिवारी ने बातचीत के दौरान अपने गुस्से का इजहार करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता बिजली की समस्या से बेहद परेशान है और उनकी बर्दाश्त की सीमा अब खत्म हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अधिकारी अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं लाते हैं, तो जनता के आक्रोश को रोक पाना मुश्किल होगा। विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि अगर अधिकारियों को यहां काम करने में ज्यादा परेशानी हो रही है, तो वे इटावा, मैनपुरी, आजमगढ़, औरैया, कन्नौज या रामपुर जैसे जिलों में अपना तबादला करवा लें।

विधायक ने लगाया योगी सरकार को बदनाम करने का आरोप

विधायक ने अधिकारियों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित गांवों में आधे हिस्से में बिजली आ रही है और आधे हिस्से में लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। इसके बावजूद अधिकारी मुकदमे दर्ज कराने की धमकियां देकर जनता को डरा रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि वे लगातार लोगों को हाथ जोड़कर शांत करा रहे हैं, लेकिन अगर जनता का सब्र टूटा तो अधिकारी खुद को बचा नहीं पाएंगे। यह वायरल वीडियो अब प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

सीतापुर से मोहित मिश्र की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

16 साल की शादी के बाद तीन तलाक, दो बेटों के सामने पत्नी को घर से निकाला

'मेरा दूसरा निकाह करा दिया, आज हर हाल में मरूंगा', पूर्व पार्षद का आखिरी VIDEO आया सामने; पत्नी ने किया वायरल