उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने सभी को चौंका दिया है। यहां पर गैर बिरादरी के युवक के प्रेम में पागल युवती ने शादी के बाद भी पति को छोड़ अपने आशिक के साथ भागने की योजना बनाई तो उसके भाई ने युवती का कत्ल कर उसके शव को कुंए में फेंकने के बाद थाने जाकर अपने गुनाह को खुद ही कबूल कर लिया। इस सनसनीखेज घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और घटना स्थल पर पहुंचने के साथ ही उस युवती के शव को कुंए से बाहर निकाला गया।
आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक स्वयं पुलिस चौकी पहुंचकर अपनी बहन की हत्या करने की जानकारी देने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर थरियांव थाना पुलिस और स्थानीय पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर शव को कुंए से निकालने के साथ अपने कब्जे में लिया और आरोपी को हिरासत में लेने के साथ ही उससे पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार संदीप यादव पुत्र शिव सिंह यादव निवासी धनवा थाना थरियांव ने चौकी हसवा पहुंचकर बताया कि उसने अपनी बहन रंजू यादव जो 19 साल की है उसका गला दबाकर हत्या कर दी है तथा शव को एक कुएं में फेंक दिया है। इस घटना के बाद थरियांव थाना प्रभारी शमशेर बहादुर तत्काल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बताए गए स्थान की घेराबंदी कर कुएं से शव को बरामद कराया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
बहन को समझाने का किया प्रयास नहीं मानी तो कर दी हत्या
आरोपी युवक के दादा फूल सिंह ने बताया कि बेटी रंजू का गांव के ही कसाई बिरादरी के युवक से प्रेम प्रसंग था और कुछ दिन पहले उसके साथ भाग गई थी उसे ढूंढकर लाया गया और पिछली 1 मई को उसकी शादी पिंटू यादव के साथ कर दी गई। लड़की वहां भी यही हरकतें करती थी जिस पर ससुराल वालों ने बोला था कि अपनी बेटी को घर ले जाओ हम नहीं रखेंगे। भाई संदीप यादव जो बाहर कमाने के लिए गया था। लेकिन पता नहीं कब वापस आकर रंजू को ससुराल बडनपुर से लेने पहुंच गया रास्ते मे रंजू को संदीप ने समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन वो नहीं मानी तो गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी अहमदाबाद से कुछ दिन पहले फतेहपुर आया था। जांच में सामने आया कि वह अपनी बहन को उसके ससुराल से साथ लेकर निकला और हसवा क्षेत्र के जंगल की ओर ले गया। वहीं कथित रूप से घटना को अंजाम देने के बाद शव को कुएं में फेंक दिया।
सभी पहलुओं की जा रही निष्पक्ष जांच
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया की मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और जांच के निष्कर्षों का इंतजार किया जा रहा है।
(रिपोर्ट - उमेश चन्द्रा)
ये भी पढ़ें
यूपी में पीली बोरी में बंद मिला महिला का शव, सिर पर धारदार हथियार से हमले के निशान
Video: गोरखधाम एक्सप्रेस के आगे कूदा रेलवे वेंडर, बचाने के लिए सिपाही भी कूद गया, वो तो बच गया, पर शख्स नहीं बच सका