1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Video: गोरखधाम एक्सप्रेस के आगे कूदा रेलवे वेंडर, बचाने के लिए सिपाही भी कूद गया, वो तो बच गया, पर शख्स नहीं बच सका

Video: गोरखधाम एक्सप्रेस के आगे कूदा रेलवे वेंडर, बचाने के लिए सिपाही भी कूद गया, वो तो बच गया, पर शख्स नहीं बच सका

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jun 12, 2026 01:29 pm IST,  Updated : Jun 12, 2026 01:34 pm IST

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में खुर्जा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर एक रेलवे वेंडर अमर ने गोरखधाम एक्सप्रेस के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। वेंडर को बचाने के लिए वहां ड्यूटी पर तैनात जीआरपी के सिपाही सुनील ने तुरंत ट्रैक पर छलांग लगा दी।

Man Jumps Infront of Gorakhdham Express- India TV Hindi
गोरखधाम एक्सप्रेस के आगे कूदा शख्स Image Source : SCREENGRAB AND PTI

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है। खुर्जा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर गोरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन के सामने कूदने से एक रेलवे वेंडर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान वेंडर अमर के रूप में हुई है। इस घटना के बाद प्लेटफार्म पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि जब अमर ने पटरी पर छलांग लगाई, तो वहां ड्यूटी पर तैनात जीआरपी (GRP) के सिपाही सुनील ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए तुरंत ट्रैक पर छलांग लगा दी। हालांकि सिपाही सुनील इस प्रयास में बाल-बाल बच गए, लेकिन दुर्भाग्यवश वो अमर को नहीं बचा सके और ट्रेन के चपेट में आने से अमर की दर्दनाक मौत हो गई।

दो वेंडर्स के विवाद से जुड़ा है मामला

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस खौफनाक कदम के पीछे रेलवे के दो वेंडर्स के बीच हुआ पुराना विवाद बताया जा रहा है। घटना से कुछ समय पहले ही खुर्जा जीआरपी पुलिस दोनों वेंडर्स के बीच हुए इसी आपसी झगड़े और विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रही थी। मामले की जांच और पूछताछ की प्रक्रिया चल ही रही थी कि इसी बीच वेंडर अमर ने अचानक प्लेटफार्म नंबर 3 पर आकर तेज रफ्तार से आ रही गोरखधाम एक्सप्रेस के आगे छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान चली गई। बता दें कि अमर खुरजा जंक्शन पर खाने पीने का सामान बेचता था।

अमर के परिजनों ने GRP पर लगाया हत्या का आरोप

वेंडर अमर की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के परिजनों ने इस मामले में सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया है। बता दें कि अमर के परिजनों ने खुर्जा जीआरपी पुलिस पर भी हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि परिजनों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों को संज्ञान में लेते हुए जीआरपी के सीनियर अधिकारी इस मामले की जांच में जुट गए हैं। परिजनों का कहना है कि घटना के पीछे कुछ और कारण हो सकते हैं और पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। वहीं GRP अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद रेलवे स्टेशन पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस और GRP अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इनपुट: वरुण शर्मा

यह भी पढ़ें-

Video: शाहजहांपुर में रेप के आरोपी के हाफ एनकाउंटर पर बवाल, पुलिसकर्मियों से भिड़ी महिलाएं; लाठीचार्ज

दिल्ली आ रही शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव, RSS चीफ मोहन भागवत थे सवार; यूपी पुलिस ने 2 लोगों को किया अरेस्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।