A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ट्रांसजेंडर से लव ट्रायंगल में गई युवक की जान, पार्टी के लिए बुलाकर बेरहमी से मारा; ऐसे सुलझी हत्याकांड की गुत्थी

ट्रांसजेंडर से लव ट्रायंगल में गई युवक की जान, पार्टी के लिए बुलाकर बेरहमी से मारा; ऐसे सुलझी हत्याकांड की गुत्थी

Transgender Love Triangle Killing: बुलंदशहर में ट्रांसजेंडर के लव ट्रायंगल के चक्कर में युवक की जान चली गई है। साक्षर कौशिक से पीछा छुड़ाने के लिए ट्रांसजेंडर और उसके अन्य प्रेमी ने मिलकर साजिश रची थी। इसका खुलासा पुलिस ने कर दिया है।

Bulandshahr Murder Case- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT बुलंदशहर में ट्रांसजेंडर के इश्क में युवक की हत्या कर उसका शव गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।

Bulandshahr Murder Case: यूपी के बुलंदशहर में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जहां ट्रांसजेंडर के इश्क में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर शव को गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। पुलिस ने मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। जानकारी के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र के देवीपुरा निवासी साक्षर कौशिक की हत्या, ट्रांसजेंडर अमन उर्फ अवंतिका के प्रेम संबंधों के चलते की गई।

ट्रांसजेंडर से लव ट्रायंगल के चलते हत्या

बताया जा रहा है कि साक्षर कौशिक, दीपक और एक अन्य युवक अमन उर्फ अवंतिका से प्रेम करते थे। इसी लव ट्रायंगल के चलते विवाद बढ़ा और उन्होंने साक्षर को रास्ते से हटाने का प्लान बना लिया। आरोप है कि अमन उर्फ अवंतिका ने साक्षर से पीछा छुड़ाने के लिए दीपक, देवेश और शुभम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

शराब पार्टी के लिए बुलाया और ले ली जान

जान लें कि 30 मार्च को आरोपी दीपक, साक्षर को घर से बुलाकर ले गया और शराब पार्टी की। इसी बीच, वे जानबूझकर विवाद करने लगे। फिर आरोपियों ने डंडों और ईंट से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को गड्ढा खोदकर दफना दिया गया, ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई हत्याकांड की गुत्थी

हालांकि, साक्षर के घर ना आने पर उसके परिजनों ने उसको तलाशना शुरू किया और बाद में नगर कोतवाली में तहरीर देकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। फिर, पुलिस ने 31 मार्च को थाना सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के बिलसुरी के पास से साक्षर का शव बरामद किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।

मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने ट्रांसजेंडर अमन उर्फ अवंतिका, देवेश और शुभम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी दीपक अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपियों के कब्जे से मृतक का पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, डेबिट कार्ड और हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, शंकर प्रसाद अपर पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर नगर ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने हत्या में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है। चौथे युवक की तलाश की जा रही है।

(इनपुट- वरुण शर्मा)

ये भी पढ़ें- मुस्लिम स्टूडेंट से शादी करने वाले हिंदू टीचर की ससुरालवालों ने हत्या की, जल्द बनने वाले थे पिता