1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मुकदमा वापस न लेने पर दबंग ने पूर्व फौजी के बेटे को दी गर्दन उड़ाने की धमकी, बोला- बच्चों को अनाथ कर दूंगा

मुकदमा वापस न लेने पर दबंग ने पूर्व फौजी के बेटे को दी गर्दन उड़ाने की धमकी, बोला- बच्चों को अनाथ कर दूंगा

हापुड़ में दबंगों ने पूर्व फौजी के बेटे को दुकान में घुसकर जमकर धमकाया है। एक पुराना मुकदमा वापस लेने के लिए धमकी दी गई है। इसका वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया है।

victim told the whole story to the police- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पीड़ित ने पूरी बात पुलिस को बताई

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक दबंग आरोपी की ओर से कोर्ट केस वापस लेने का दबाव बनाने का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दबंग ने एक सेवानिवृत्त फौजी के बेटे को दुकान में घुसकर सरेआम जान से मारने और बच्चों को अनाथ करने की धमकी दी है। बुलंदशहर रोड स्थित जदीद पुलिस चौकी के ठीक सामने हुई इस वारदात का एक-एक पल दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसमें आरोपी की गुंडागर्दी और उसकी आवाज साफ-साफ सुनाई दे रही है। इस घटना के बाद से पीड़ित का पूरा परिवार दहशत में है। जिसने पुलिस से न्याय ओर सुरक्षा की गुहार लगाई है।

साल 2022 से चल रहा है मुकदमा

हापुड़ कोतवाली क्षेत्र की बुलंदशहर रोड निवासी पीड़ित अफसार सैफी पुत्र नूर मोहम्मद, जो कि सेवानिवृत्त फौजी के बेटे हैं, हापुड़ कोतवाली क्षेत्र की बुलंदशहर रोड पर स्थित मोहल्ला  शिवदयालपुरा के निवासी हैं। पुलिस को दी अपनी लिखित शिकायत में पीड़ित ने पूरी आपबीती बताई है। पीड़ित के अनुसार आरोपी इरफान पुत्र अशरफ के खिलाफ सीजेएम न्यायालय हापुड़ में वर्ष 2022 से एक मुकदमा अपराध संख्या 905/2022 विचाराधीन है। जिसमें दबंग बदमाश आरोपी है, इसी पुराने मुकदमे में फैसला करने और उसे वापस लेने का नाजायज दबाव बनाने के लिए आरोपी इरफान 4 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 बजे अपने कुछ साथियों के साथ पीड़ित अफसार सैफी की दुकान पर धमक पड़ा और केस वापस न लेने पर अंजाम भुगतने की धमकी देने लगा।

चार जुलाई को दुकान में घुसकर दी धमकी

पीड़ित अफसार सैफी ने घटना को बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी इरफान पिछले करीब 6 महीने से लगातार उनके पीछे पड़ा हुआ है और केस वापस लेने के लिए अलग-अलग लोगों को उनकी दुकान पर भेजकर डराता-धमकाता रहता है। अफसार सैफी ने आरोप लगाया कि पहले भी आरोपी की तरफ से कभी चाकू तो कभी बंदूक लेकर लोग उन्हें डराने आ चुके हैं। 4 जुलाई की रात को हुई घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि आरोपी के साथ गाड़ी में 5-6 लोग आए थे, जिनमें से दो लोग दुकान के अंदर घुसे। पीड़ित के मुताबिक आरोपी का व्यवहार इतना आक्रामक था और वह बार-बार अपनी जेब की तरफ इस तरह इशारा कर रहा था जिससे साफ लग रहा था कि वह कोई अवैध हथियार या चाकू छिपाकर लाया है, जिससे उनके और उनके परिवार के जीवन को तत्काल गंभीर खतरा पैदा हो गया था।

सीसीटीवी में कैद हो गई है पूरी घटना

बदमाश की पूरी दबंगई दुकान के CCTV में कैद हो गई, जिसमें बदमाश की आवाज भी साफ तौर पर सुनी जा सकती है। आरोपी की ओर से धमकी देने के दौरान जब अफसार सैफी ने केस वापस लेने से साफ मना कर दिया तो आरोपी इरफान बुरी तरह भड़क गया। वीडियो में वह पीड़ित के पास बैठकर सीधे तौर पर धमकाते हुए कह रहा है, मुकदमा वापस ले ले..., नहीं तो तेरे बच्चे अनाथ हो जाएंगे। इतना ही नहीं, उसने सरेआम गर्दन उड़ाने, मौत के घाट उतारने और गला दबाने की मुद्रा बनाते हुए हिंसक धमकियां दीं। आरोपी लगातार पीड़ित को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और कैमरे के सामने ही अपनी दबंगई का प्रदर्शन कर रहा था।

पीड़ित ने पुलिस ने शिकायत कर लगाई न्याय की गुहार

इस जानलेवा धमकी और आरोपी के खौफनाक इरादों को देखकर पूर्व फौजी का बेटा और उनका पूरा परिवार गहरे मानसिक तनाव और डर के साए में है। इस घटना की खबर सुनते ही पीड़ित के बुजुर्ग फौजी पिता की तबीयत इतनी बिगड़ गई कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पीड़ित अफसार सैफी ने हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है और आरोपी के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेकर मामले की जांच कर कार्यवाही का आश्वासन देते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

हापुड़ से निशांक शर्मा की रिपोर्ट

फतेहपुर में घरेलू हिंसा का खौफनाक रूप, चारपाई से बांधकर पति को करंट देने वाली पत्नी गिरफ्तार

अंबेडकर नगर में UP STF और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश मारा गया, डकैती और हत्या के मामलों में चल रहा था फरार