1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. आज अखिलेश यादव मना रहे 53वां जन्मदिन, CM योगी ने दी शुभकामनाएं, जानिए क्या कहा

आज अखिलेश यादव मना रहे 53वां जन्मदिन, CM योगी ने दी शुभकामनाएं, जानिए क्या कहा

अखिलेश यादव आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है।

Yogi Adityanath and Akhilesh Yadav- India TV Hindi
Image Source : PTI योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आज 53वां जन्मदिन है। इस मौके पर उन्हें हर तरफ से बधाइयां मिल रही हैं। इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अखिलेश को जन्मदिन की बधाई दी है। बता दें कि सीएम योगी ने 5 जून को अपना 55वां जन्मदिन मनाया था।

मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्री राम से आपके लिए आरोग्यता और दीर्घायु की प्रार्थना है।"

यूपी की राजनीति में बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच हमेशा कड़ी टक्कर रहती है। दोनों पार्टियों के नेता अक्सर एक-दूसरे पर सियासी हमले करते हैं। लेकिन जन्मदिन जैसे निजी मौकों पर नेताओं का यह मेल-मिलाप दिखाता है कि राजनीति अपनी जगह है और आपसी सम्मान अपनी जगह।

यूपी के सबसे युवा मुख्यमंत्री का रिकॉर्ड

बता दें कि समाजवादी पार्टी (SP) संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद से पार्टी की पूरी कमान अखिलेश यादव के हाथों में है। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सबकी नजरें उन पर टिकी हैं, क्योंकि अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव में सपा को सत्ता में वापस लाने की बड़ी जिम्मेदारी अखिलेश के कंधों पर है।

साल 2012 में जब समाजवादी पार्टी ने बहुजन समाज पार्टी (BSP) की मायावती सरकार को हराकर बहुमत हासिल किया था, तब मुलायम सिंह यादव ने सबको चौंकाते हुए अपने बेटे अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया था। उस चुनाव में अखिलेश के तूफानी प्रचार और नए चेहरे को जनता ने खूब पसंद किया था। इसके साथ ही, अखिलेश यादव के नाम उत्तर प्रदेश के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड भी दर्ज हुआ। वह 2012 से 2017 तक राज्य के सीएम रहे। अब अखिलेश पर करीब 10 साल के इस 'वनवास' को खत्म करने की चुनौती है।

सियासतदां कब बने अखिलेश?

1 जुलाई 1973 को इटावा के सैफई गांव में जन्मे अखिलेश यादव, मुलायम सिंह और मालती देवी की इकलौती संतान हैं। उन्हें स्कूली दिनों से ही फुटबॉल और क्रिकेट खेलने का बेहद शौक रहा है। खेल के मैदान पर ही एक बार उनकी नाक पर चोट भी लग गई थी। अखिलेश यादव की प्रारंभिक पढ़ाई सैफई और इटावा से हुई। इसके बाद राजस्थान के धौलपुर मिलिट्री स्कूल से पढ़ाई की। कर्नाटक की मैसूर यूनिवर्सिटी से सिविल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया। अखिलेश यादव ने साल 2000 में कन्नौज लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज कर सियासत की दुनिया में कदम रखा था।

ये भी पढ़ें-

उत्तराखंड में मदरसा शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव, आज से बंद हुआ मदरसा बोर्ड, लागू होंगे स्कूलों वाले नियम

मुंबई में पानी चुराने वालों की अब खैर नहीं, 6 महीने में काटे गए 2,257 अवैध कनेक्शन, लगेगा दोगुना जुर्माना