1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बुलंदशहर को 574 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी ने किया लोकार्पण और शिलान्यास

बुलंदशहर को 574 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी ने किया लोकार्पण और शिलान्यास

बुलंदशहर जिले को 574 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 57 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए सीएम योगी ने कहा कि राज्य की सरकार विकास, सुशासन, सुरक्षा और रोजगार के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रही है।

CM Yogi Adityanath- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बलुंदशहर में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बुलंदशहर जिले को 574 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कुल 57 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने इन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कहा कि राज्य की सरकार विकास, सुशासन, सुरक्षा और रोजगार के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रही है। यही वजह है कि उत्तर प्रदेश आज देश की देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है।

जेवर एयरपोर्ट से मिलेगा बड़ा लाभ

मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि  कि सरकार ने आधारभूत संरचना के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि बुलंदशहर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अपने संबोधन में जेवर एयरपोर्ट का भी उल्लेख किया। सीएम ने कहा कि जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास का नया द्वार बनेगा। यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ ही देश की समृद्धि का एक आधार बनेगा। सीएम योगी ने कहा कि यह एयरपोर्ट भले ही जेवर में बनवाया गया है लेकिन इसका सबसे अधिक लाभ बुलंदशहर को मिलने वाला है।

डबल इंजन सरकार से विकास को गति मिली

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में प्रदेश विकास, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन 57 विकास परियोजनाओं से बुलंदशहर सहित पूरे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी तथा लोगों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

पहले हर जिले में दंगे होते थे 

वहीं अमरोहा में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पहले राज्य के हर जिले में दंगे होते थे और लोग असुरक्षित महसूस करते थे लेकिन बीजेपी सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत कर माफियाओं के खिला‍फ प्रभावी कार्रवाई की है। योगी आदित्यनाथ ने गजरौला स्थित वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय में अमरोहा और धनौरा विधानसभा क्षेत्रों के लिए 207 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित किया। 

माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम किया

उन्होंने कहा कि सरकार जनप्रतिनिधियों के प्रत्येक प्रस्ताव को धरातल पर उतार रही है, और विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं है, बल्कि उसके लिए समय, सही सोच, संवेदना, नीति और नीयत की आवश्यकता होती है। मुख्यमंत्री ने कहा, ''पिछली सरकारों में हर जिले में दंगे होते थे और लोग असुरक्षित थे। हमने स्पष्ट कर दिया कि सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए जेल या जहन्नुम ही जगह है। हमारी सरकार ने माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम किया है।'' उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब सुरक्षा का मॉडल प्रस्तुत कर रहा है। योगी ने कहा, ''सुरक्षा से सुशासन आता है, सुशासन निवेश लाता है और निवेश समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करता है।'' 

ये भी पढ़ें:

'बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले या तो जेल में या जहन्नुम में', अमरोहा में बोले सीएम योगी