A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दिवाली पर CM योगी ने श्रीरामलला के दरबार में लगाई हाजिरी, बच्चों को गोद में लेकर दी चॉकलेट

दिवाली पर CM योगी ने श्रीरामलला के दरबार में लगाई हाजिरी, बच्चों को गोद में लेकर दी चॉकलेट

सीएम योगी आदित्यनाथ ने रामलला के दर्शन-पूजन के बाद दरबार में आरती उतारी और मंदिर की परिक्रमा की। दर्शन के बाद जब वह मंदिर परिसर से बाहर निकले, तो श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ उनका अभिवादन किया।

सीएम योगी ने बच्चों को...- India TV Hindi
Image Source : PTI सीएम योगी ने बच्चों को दी चॉकलेट।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में भव्य दीपोत्सव संपन्न होने के बाद सोमवार की सुबह भगवान श्रीरामलला के दर्शन किए। इससे पहले, योगी संकट मोचन हनुमानगढ़ी पहुंचे, जहां उन्होंने हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

आधिकारिक बयान के मुताबिक, योगी ने हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत प्रेमदास से भी मुलाकात की। बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री के आगमन पर मंदिर परिसर “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा और संतों एवं पुजारियों ने पारंपरिक विधि से उनका स्वागत किया। बयान के अनुसार, हनुमानगढ़ी से निकलने के बाद योगी सीधे श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने रामलला के दर्शन-पूजन के बाद दरबार में आरती उतारी और मंदिर की परिक्रमा की।

Image Source : ptiसीएम योगी ने बच्चों को बांटी मिठाइयां।

बच्चों को दिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री ने राम दरबार में भी दर्शन-पूजन कर प्रदेश की उन्नति और जनकल्याण की प्रार्थना की। दर्शन के बाद जब वह मंदिर परिसर से बाहर निकले, तो श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ उनका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया और बच्चों को आशीर्वाद दिया। 

Image Source : ptiमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन किए।

मलिन बस्ती में लोगों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं

सीएम योगी ने अयोध्या की मलिन बस्तियों और वनटांगियों के बीच जाकर लोगों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। मलिन बस्ती में सीएम योगी करीब एक घंटे तक रुके। उन्होंने वाल्मीकि समाज के लोगों से मिलकर हाल-चाल पूछा, हर घर गए और परिवारों को दिवाली गिफ्ट वितरित किए। बच्चों को गोद में लेकर चॉकलेट दी और महिलाओं के साथ स्नेहपूर्वक संवाद किया।