1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कांग्रेस ने यूपी में चला ब्राह्मण-महिला दांव! आराधना मिश्रा मोना को बनाया प्रदेश अध्यक्ष

कांग्रेस ने यूपी में चला ब्राह्मण-महिला दांव! आराधना मिश्रा मोना को बनाया प्रदेश अध्यक्ष

कांग्रेस ने ब्राह्मण समाज और महिलाओं को अपनी तरफ करने के खातिर बड़ा दांव चलते हुए रामपुर खास सीट से विधायक आराधना मिश्रा मोना को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है।

आराधना मिश्रा मोना को...- India TV Hindi
Image Source : ARADHANA MISRA MONA@X आराधना मिश्रा मोना को बनाया गया UP कांग्रेस का अध्यक्ष।

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस ने प्रदेश में बड़ा दांव चल दिया है। कांग्रेस ने ब्राह्मण समाज और महिलाओं को अपने पाले में लाने के लिए अहम रणनीतिक कदम उठाया है। कांग्रेस ने राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी और रामपुर खास सीट से विधायक आराधना मिश्रा मोना को यूपी कांग्रेस की जिम्मेदारी दी है। कांग्रेस ने आराधना मिश्रा मोना को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है।

आराधना मिश्रा मोना के साथ इमरान मसूद को भी बड़ी जिम्मेदारी

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की तरफ से जारी आधिकारिक लेटर में लिखा है कि आराधना मिश्रा मोना को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया जाता है। साथ ही, सहरानपुर से सांसद इमरान मसूद को भी यूपी चुनाव से पहले बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें यूपी कांग्रेस का वर्किंग प्रेसीडेंट बनाया गया है। इसके अलावा, देविंदर निषाद और आलोक प्रसाद को सीनियर वाइज प्रेसिडेंट नियुक्त किया गया है।

INDIA गठबंधन पूरी ताकत से लड़ेगा 2027 का चुनाव- आराधना

आराधना मिश्रा ने कहा कि मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ इस जिम्मेदारी को निभाऊंगी। कांग्रेस पार्टी के लिए जाति, समुदाय और धर्म कभी भी राजनीतिक विवाद के मुद्दे नहीं रहे हैं। कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जिसने पूरे देश को साथ लेकर काम किया है और आगे भी ऐसा ही करेगी। हम हर किसी को साथ लेकर चलेंगे- हर जाति, हर समुदाय और हर धर्म के लोगों को। INDIA गठबंधन 2027 का चुनाव पूरी ताकत और जोश के साथ लड़ेगा। लड़ाई कहां, कैसे और किस हद तक लड़ी जाएगी, इसका फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा। यह फैसला उन्हीं पर निर्भर करता है।

कौन हैं आराधना मिश्रा?

जान लें कि आराधना मिश्रा मोना रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र सीट से कांग्रेस पार्टी की विधायक हैं। माना जा रही है कि यूपी में कांग्रेस महिला के साथ-साथ ब्राह्मण फेस को प्रमोट करना चाहती है। आराधना मिश्रा मोना पार्टी की कद्दावर नेता हैं। वह रामपुर खास से तीसरी बार की विधायक हैं। आराधना मिश्रा मोना ने रामपुर खास से पहला चुनाव 2014 के उपचुनाव में जीता था। इसके बाद, 2017 और 2022 के Assembly Elecion में भी आराधना मिश्रा मोना जीती थीं।

आराधना मिश्रा ने ली अजय राय की जगह

गौरतलब है कि अभी तक अजय राय अध्यक्ष के रूप में यूपी कांग्रेस की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनका कार्यकाल 17 अगस्त 2023 से 2 अक्टूबर 2026 तक रहा। अजय राय ने बृजलाल खाबरी की जगह ली थी। और अब उनकी जगह आराधना मिश्रा मोना ने ली है। जान लें कि नई नियुक्तियों में कांग्रेस ने यूपी में इमरान मसूद को वर्किंग प्रेसिडेंट बनाकर उनका कद भी बढ़ा दिया है। यूपी चुनाव से पहले ये जिम्मेदारी अहम मानी जा रही है। उधर, चुनाव में गठबंधन के लिए सपा-कांग्रेस में तकरार भी जारी है। हाल ही में कांग्रेस के 150 सीटें मांगने वाले बयान पर सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने कहा था कि कांग्रेस को जमीनी हकीकत समझनी चाहिए।

ये भी पढ़ें- अखिलेश यादव ने कांग्रेस के गढ़ रायबरेली से शुरू की PDA यात्रा, एक तीर से साध रहे हैं 3 निशाने!