घोसी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब तिलाई बुजुर्ग गांव के पास हाईवे पुल के नीचे किसी की सिर कटी लाश बरामद हुई। घटनास्थल से कुछ दूरी पर शव का सिर भी मिलने के बाद हत्या की आशंका और गहरा गई है। शव में लगा कृत्रिम यानी प्लास्टिक का पैर पुलिस की जांच में पहचान का महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
मऊ जनपद के घोसी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिलाई बुजुर्ग स्थित हाईवे पुल के नीचे नाले के पास एक अज्ञात व्यक्ति का सिर कटा शव मिला है। इसके बाद इलाके में हड़कंप जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि शव करीब एक सप्ताह पुराना है। शव का दाहिना पैर कृत्रिम है, जो कि प्लास्टिक का है। दाहिना हाथ काफी हद तक सड़ चुका था। बाएं हाथ में घड़ी भी मिली है, जिसे पुलिस पहचान के अहम सुराग के रूप में देख रही है। घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक के साथ फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। तलाशी के दौरान शव से लगभग 100 मीटर दूर उसका कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस कर रही है मामले को लेकर हर पहलू की जांच
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर बताया कि घोसी क्षेत्र के हाईवे पुल के नीचे अज्ञात व्यक्ति का सिर कटा शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान शव का सिर भी कुछ दूरी से बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला किसी दूसरे स्थान पर हत्या कर शव को यहां लाकर फेंके जाना लग रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस फॉरेंसिक जांच के साथ सभी साक्ष्यों का गहन परीक्षण कर रही है। मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों से गुमशुदा व्यक्तियों का विवरण जुटाया जा रहा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है।
घोसी से रघुवंशी की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
प्रेम विवाह पड़ा भारी, प्रतापगढ़ में युवक की गोली मारकर हत्या, पत्नी के भाई समेत तीन पर मुकदमा
सीतापुर में सांड का आतंक, मंदिर जा रहे बुजुर्ग श्रद्धालु पर किया जानलेवा हमला