1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रेम विवाह पड़ा भारी, प्रतापगढ़ में युवक की गोली मारकर हत्या, पत्नी के भाई समेत तीन पर मुकदमा

प्रेम विवाह पड़ा भारी, प्रतापगढ़ में युवक की गोली मारकर हत्या, पत्नी के भाई समेत तीन पर मुकदमा

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jun 30, 2026 07:56 am IST,  Updated : Jun 30, 2026 11:22 am IST

प्रतापगढ़ के जेठवारा क्षेत्र में प्रेम विवाह करने वाले युवक राजू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने प्रेम विवाह से जुड़ी रंजिश के शक में मृतक की पत्नी के भाई समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Pratapgarh- India TV Hindi
प्रतापगढ़ में युवक की हत्या से सनसनी Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में प्रेम विवाह के बाद एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। जेठवारा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

यह वारदात जेठवारा थाना क्षेत्र के चंदन का पुरवा गांव की है। मृतक की पहचान राजू सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 10 बजे वह गांव में था, तभी हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल राजू को अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रेम विवाह के चलते हुई हत्या

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि राजू सिंह ने कुछ दिन पहले ही प्रेम विवाह किया था। शुरुआती जांच में इसी विवाह को लेकर चली आ रही रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा।

पुलिस ने इस मामले में चंद्रेश उर्फ पिंटू वर्मा, तेज वर्मा और शगुन वर्मा के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। इनमें चंद्रेश मृतक की पत्नी का भाई बताया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

हत्या से तनाव का माहौल

स्थानीय लोगों के अनुसार, राजू सिंह और चंद्रेश वर्मा के परिवार के बीच प्रेम विवाह के बाद से तनाव बना हुआ था। इसी विवाद ने आखिरकार खूनी रूप ले लिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की असली वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच तेज कर दी है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में निगरानी बढ़ाए हुए है।

(रिपोर्ट: बृजेश मिश्रा)

यह भी पढ़ें:

हापुड़ में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया इनामी बदमाश, फायरिंग में हेड कांस्टेबल को भी लगी गोली

पीलीभीत में यूपी पुलिस और बदमाशों की बीच हुई मुठभेड़, एक लाख के इनामी बदमाश को किया ढेर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।