उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में दुर्गा पूजा के समापन के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। खागा कोतवाली क्षेत्र के बैजूपुर चक कटोघन गांव में मूर्ति विसर्जन के दौरान तालाब में नहाने उतरे पांच दोस्त गहरे पानी में डूब गए। इस हादसे में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और अफरा-तफरी का माहौल है और मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार ग्रामीण दुर्गा माता की मूर्ति को ट्रैक्टर-ट्राली पर रखकर नौबस्ता घाट पर विसर्जन के लिए ले जा रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में ही ग्रामीणों ने एक तालाब में मूर्ति का विसर्जन शुरू कर दिया। इसी दौरान साथ आए पांच दोस्त तालाब में नहाने के लिए उतर गए। तालाब की गहराई का अंदाजा न होने के कारण पांचों एक-एक कर डूबने लगे। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
तीन की मौत, दो जिला अस्पताल रेफर
स्थानीय लोगों और पुलिस फोर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद पांचों को तालाब से बाहर निकाला और नजदीकी हरदो अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। दो युवकों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल फतेहपुर के लिए रेफर कर दिया गया है। मृतकों की पहचान आदित्य पुत्र राजू साहू उम्र 20 वर्ष, राजा साहू पुत्र बबलू 18 वर्ष और अभिमन्यु पुत्र गोवर्धन साहू 16 वर्ष के रूप में हुई है। जबकि गंभीर रूप से घायल हर्ष और यशवंत का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वीडियो में एक परिजन बताते हुए सुनाई दे रहे हैं कि "दुर्गा विसर्जन करने गए थे भैया एक तालाब में, वहीं पर हादसा हो गया।" बैजूपुर चक कटोघन गांव में इस घटना के बाद से सन्नाटा पसरा हुआ है। दुर्गा पूजा की खुशियां मातम में बदल गई हैं।
क्या बोले अधिकारी
मौके पर पहुंची खागा कोतवाली पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले पर खागा SDM ने बताया कि ग्रामीण नौबस्ता घाट के लिए मूर्ति विसर्जन करने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही तालाब में विसर्जन करने लगे। तभी नहाने के दौरान पांच दोस्त डूब गए, जिसमें तीन की मौत हो गई है और दो को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि विसर्जन के लिए चिन्हित और सुरक्षित घाटों का ही प्रयोग करें।
फतेहपुर से उमेश चन्द्रा की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें-