1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बंद कमरे में मिली महिला की गली-सड़ी लाश, बच्ची संग पति फरार, हत्या की आशंका

बंद कमरे में मिली महिला की गली-सड़ी लाश, बच्ची संग पति फरार, हत्या की आशंका

गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र की पूजा कॉलोनी में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक बंद कमरे से 50 साल की महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

Dead Body- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बंद कमरे में मिली महिला की लाश

पुलिस एक महिला की संदिग्ध मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी इलाके में किराए के मकान के बंद कमरे से करीब 50 साल की महिला का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के बाद से महिला का पति अपनी सात साल की बेटी के साथ लापता है, जिसके चलते पुलिस हत्या की आशंका के पहलू से भी जांच कर रही है।

पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना

मामला ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र की पूजा कॉलोनी का है। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों को एक मकान से तेज दुर्गंध आने लगी। जब बदबू लगातार बढ़ी और कमरे के बाहर बड़ी संख्या में मक्खियां मंडराती दिखाई दीं, तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और बंद कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। कमरे में महिला का शव बुरी तरह सड़ी-गली अवस्था में पड़ा था।

पुलिस जांच में मृतका की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली प्रमिला उर्फ सुशीला के रूप में हुई है। वह करीब दस दिन पहले ही अपने पति पवन और सात साल की बेटी विद्या के साथ इस मकान में किराए पर रहने आई थी। शव की हालत को देखते हुए शुरुआती अनुमान है कि महिला की मौत तीन से चार दिन पहले हुई होगी।

पति-पत्नी के बीच अक्सर होता था झगड़ा

जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि प्रमिला की यह दूसरी शादी थी। स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी बीच घटना के बाद से पति और उसकी बेटी का अचानक गायब हो जाना पुलिस के शक को और गहरा रहा है। फिलहाल पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।

लोनी के एसीपी राम किशन ने बताया कि पुलिस की कई टीमें फरार पति की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट: जुबैर अख्तर)

यह भी पढ़ें:

हाईवे पुल के नीचे मिली सिर कटी लाश, 100 मीटर दूर मिला सिर, कृत्रिम पैर पहचान की अहम कड़ी

बागपत में युवक की लाश मिलने से मचा हड़कंप, बंधे हुए थे हाथ-पैर, पुलिस ने जताई हत्या की आशंका