बागपत से दिल दहला देने वाली खबर आई है। शहर कोतवाली क्षेत्र में 8 जून यानी सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एकता कॉलोनी के पास सड़क किनारे एक युवक का संदिग्ध हालत में शव बरामद हुआ। युवक के हाथ और पैर बंधे होने की वजह से इलाके में दहशत फैल गई और लोगों ने हत्या की आशंका जताई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
कूड़े के ढेर के पास मिली लाश
ऐसा बताया जा रहा है कि सुबह एक सफाईकर्मी महिला रोजाना की तरह इलाके में सफाई करने पहुंची थी। इसी दौरान उसकी नजर कूड़े के ढेर के पास पड़े एक युवक पर पड़ी। करीब जाकर देखने पर महिला के होश उड़ गए, क्योंकि युवक मृत अवस्था में था और उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। महिला ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
घटना की खबर मिलते ही सीओ बागपत विजय चौधरी और कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। शुरुआती जांच में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। फुटेज में दो युवक एक रेहड़े पर शव ले जाते हुए दिखाई दिए हैं, जिसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी है। संबंधित CCTV की डीवीआर भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला हत्या का नजर आ रहा है। पहले शव की पहचान नहीं हो सकी थी, इसलिए पुलिस ने उसे लावारिस मानते हुए पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, बाद में मृतक की पहचान मुगलपुरा मोहल्ला निवासी फैजान के रूप में हुई। कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार का कहना है कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्ट: पारस जैन
यह भी पढ़ें-
यूपी में बहनों का 'स्मैक नेटवर्क' बेनकाब, पुलिस जांच में खुल सकते हैं बड़े नाम