1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. रेलवे क्रॉसिंग पार करना पड़ा भारी, ट्रेन की चपेट में आए दो युवक, CCTV में कैद हुआ मौत का मंजर

रेलवे क्रॉसिंग पार करना पड़ा भारी, ट्रेन की चपेट में आए दो युवक, CCTV में कैद हुआ मौत का मंजर

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 30, 2026 06:03 pm IST,  Updated : Oct 30, 2026 06:03 pm IST

कानपुर में रेलवे क्रासिंग पार करते समय दर्दनाक हादसा हो गया। यहां दो युवक ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे का वीडियो भी सामने आया है।

दो युवकों की हुई मौत।- India TV Hindi
दो युवकों की हुई मौत। Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर: पनकी में बंद रेलवे क्रॉसिंग पार करना दो युवकों के लिए जानलेवा साबित हुआ। गुरुवार को रेलवे ट्रैक पार करते समय दोनों युवक ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों के शव क्षत-विक्षत हो गए। पूरी घटना रेलवे क्रॉसिंग पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जल्दी पहुंचने के चक्कर में पार कर रहे थे पटरी

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक पनकी पड़ाव रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि घर जल्दी पहुंचने के लिए उन्होंने बंद क्रॉसिंग के बावजूद रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश की। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेन आ गई और दोनों उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। सीसीटीवी फुटेज में हादसे की तस्वीरें कैद हुई हैं।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक, मृतकों में एक की पहचान संजीव कुमार उर्फ संजू (35) निवासी समान कटरा, थाना किशनी, जिला मैनपुरी के रूप में हुई है। जबकि दूसरे युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस दूसरे मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

मुंबई में ट्रेन की चपेट में आने से यात्री की मौत

एक अन्य मामले में सोमवार को मुंबई के भांडुप उपनगरीय स्टेशन पर एक लोकल ट्रेन की चपेट में आने से 21 वर्षीय यात्री की मौत हो गई। दरअसल, सिग्नलिंग सिस्टम फेल होने के कारण मेन लाइन पर उपनगरीय ट्रेन सेवाएं कई घंटों तक पूरी तरह ठप रहीं, जिससे हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कांजुरमार्ग स्टेशन पर, जहां रिले रूम में आग लगने से सिग्नलिंग सिस्टम फेल हो गया था, वहां सभी चार उपनगरीय लाइनों पर सेवाएं बाधित रहीं। शाम तक सेवाएं बहाल कर दी गईं। इस अफरा-तफरी के बीच, भांडुप स्टेशन पर एक लोकल ट्रेन की चपेट में आने से एक यात्री की मौत हो गई। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह जानलेवा हादसा सेंट्रल रेलवे (CR) की मेन लाइन पर उपनगरीय ट्रेन सेवाओं में आई भारी रुकावट के कारण मची अफरा-तफरी से जुड़ा था या नहीं। (इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें-

नागपुर में अंडर कंस्ट्रक्शन साइट पर हादसा, क्रेन गिरने से 2 लोगों की मौत, दो मजदूर घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।