उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के एक परिवार में मातम का माहौल बन गया है। हैदराबाद में रोजी-रोटी कमाने गए एक ड्राइवर की उसके ही साथी ने मामूली विवाद में बेरहमी से हत्या कर दी। घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के चौरंग बगिया गांव से जुड़ा है, जहां घर का चिराग बुझने के बाद कोहराम मचा हुआ है।
क्या है पूरा मामला?
प्रतापगढ़ के बाबागंज स्थित संग्रामगढ़ निवासी शेषनारायण सिंह को क्या पता था कि जिस साथी के साथ वो हजारों किलोमीटर का सफर तय कर रहे हैं, वही उनकी जान का दुश्मन बन जाएगा। दरअसल, शेषनारायण के बड़े भाई शिव शंकर हैदराबाद में लोडर ट्रक चलाते थे। होली पर घर आने के कारण उन्होंने अपने छोटे भाई शेषनारायण को अपनी जगह काम पर भेजा था। लंबी दूरी का सफर था, इसलिए गाड़ी पर दो ड्राइवर तैनात थे।
सोमवार को हैदराबाद की एक पार्किंग में जब दोनों खाना बना रहे थे, तभी खाने को लेकर दोनों के बीच मामूली कहासुनी शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ा कि मैनपुरी निवासी आरोपी ड्राइवर अवनीश चौहान ने अपना आपा खो दिया और शेषनारायण के सिर पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रहार इतना घातक था कि 40 वर्षीय शेषनारायण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस नृशंस हत्या का एक लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने रूह कंपा दी है। घटना की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिजनों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा। मृतक अपने पीछे तीन मासूम बच्चों- मयंक, मंथन और नैना को छोड़ गया है। पत्नी सुमन का रो-रोकर बुरा हाल है और वह इंसाफ की गुहार लगा रही है। हैदराबाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
महज खाने के विवाद में एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ देना बेहद शर्मनाक है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और उम्मीद है कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। (रिपोर्ट: बृजेश मिश्रा)
ये भी पढ़ें- गोरखपुर: मॉर्निंग वॉक पर निकले शख्स की गोली मारकर हत्या, मौत तक रुक कर इंतजार करते रहे हत्यारे
UP: पूर्व सपा विधायक विजय सिंह के घर पर भीषण ब्लास्ट, दूर तक फैला कांच और क्षतिग्रस्त हुआ मकान, 5 घायल-VIDEO