1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में पत्नी से विवाद के बाद शराबी पति का तांडव, PRV टीम पर हमला, सिपाही की वर्दी फाड़ी

कानपुर में पत्नी से विवाद के बाद शराबी पति का तांडव, PRV टीम पर हमला, सिपाही की वर्दी फाड़ी

कानपुर के बिठूर में एक शराबी पति ने अपनी पत्नी से झगड़ा करने के बाद पुलिस की टीम पर हमला कर दिया। आरोपी ने गुस्से में सिपाही की वर्दी फाड़ दी और उसे दांत से भी काट लिया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Drunk husband goes on a rampage after a fight with his wife in Kanpur- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कानपुर में शराबी पति का तांड

उत्तर प्रदेश के कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने पुलिस को ही निशाना बना लिया। सूचना पर पहुंची डायल 112 की PRV टीम के साथ युवक ने अभद्रता और मारपीट की। आरोप है कि उसने कथित रूप से एक हेड कांस्टेबल की वर्दी फाड़ दी और पुलिसकर्मी पर दांत से काटकर हमला किया। मामला बढ़ने पर युवक के भाई और भतीजे के भी पुलिसकर्मियों से उलझने की बात सामने आई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। 

खुद डायल 112 पर फोन कर बुलाया था पुलिस को

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, घटना 1 नवंबर की रात करीब 8:40 बजे ईश्वरीगंज गांव की है। यहां रहने वाले सूरज निषाद ने खुद डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी थी। उसने आरोप लगाया था कि उसकी सास किरण और पत्नी शिवानी उसे परेशान कर रही हैं और उसके जेवर वापस नहीं कर रही हैं। सूचना मिलने पर PRV-7056 पर तैनात हेड कांस्टेबल शिवेंद्र चौहान और होमगार्ड चालक सुनील मिश्रा मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने जब विवाद का कारण पूछा तब सूरज शराब के नशे में मिला। पुलिस ने उसे समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह उल्टा पुलिसकर्मियों से ही बहस करने लगा। 

हेड कांस्टेबल से हाथापाई, वर्दी के बटन टूटे

आरोप है कि सूरज ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। युवक ने हेड कांस्टेबल शिवेंद्र चौहान के साथ मारपीट करते हुए उनकी वर्दी खींच दी। इस दौरान वर्दी फट गई और उसके बटन भी टूट गए। एक अन्य रिपोर्ट में पुलिसकर्मी को दांत से काटने की बात भी सामने आई है।

भाई और भतीजे पर भी पुलिस से भिड़ने का आरोप

पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट के दौरान सूरज का भाई डैनी और भतीजा रोहित भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने भी पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। 

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, तीन के खिलाफ रिपोर्ट

घटना की जानकारी मिलने पर बिठूर थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने मुख्य आरोपी सूरज निषाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, PRV कर्मियों के साथ अभद्रता और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने के मामले में बिठूर थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों ने क्या कहा?

अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम योगेश कुमार ने बताया कि 1 नवंबर को बिठूर थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच विवाद की सूचना PRV को मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने जब विवाद का कारण जानने का प्रयास किया तो पति पुलिसकर्मियों से उलझ गया और अभद्रता करने लगा। इस दौरान एक PRV कर्मी की वर्दी फट गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कानपुर से संवाददाता अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

करीब 200 साल पुराने कुएं से 13 घंटे बाद निकला 10 साल के मासूम का शव, कबूतर पकड़ते वक्त हुआ था हादसा

कुशीनगर में कार और ट्रेलर की भीषण भिड़ंत, एक ही परिवार के 5 समेत 6 लोगों की मौत, 2 की हालत नाजुक