1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पहले बचाया, दो घंटे बाद फिर तालाब में कूद गया बुजुर्ग, 36 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, तब निकला शव

पहले बचाया, दो घंटे बाद फिर तालाब में कूद गया बुजुर्ग, 36 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, तब निकला शव

यूपी के कानपुर के घाटमपुर में तालाब में कूदकर एक बुजुर्ग ने अपनी जान दे दी। करीब 36 घंटे के ऑपरेशन के बाद शव को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

An elderly man jumped into a pond in Kanpur due to a dispute.- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कानपुर में किसी विवाद की वजह से बुजुर्ग तालाब में कूद गए

उत्तर प्रदेश के कानपुर दक्षिण कमिश्नरेट के घाटमपुर में तालाब में डूबे बुजुर्ग की तलाश के लिए करीब 36 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। तालाब में खरपतवार और दलदल अधिक होने के कारण शव तलाशने में पुलिस और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। नगर पालिका के सहयोग से पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम लगातार तलाश में जुटी रही। इसके बाद आखिरकार कड़ी मशक्कत के बाद बुजुर्ग का शव तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घर में विवाद के बाद तालाब में कूदे

घाटमपुर के गांधी नगर मोहल्ला निवासी सत्यनारायण (55) मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। जानकारी के मुताबिक शनिवार देर रात घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इससे नाराज होकर सत्यनारायण घर के पास स्थित तालाब में कूद गए। उन्हें तालाब में कूदता देख परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोस में रहने वाले अनिल और दिनेश मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकाल लिया।

दो घंटे बाद फिर तालाब में लगाई छलांग

बताया गया कि पहली बार तालाब से बाहर निकाले जाने के करीब दो घंटे बाद सत्यनारायण दोबारा तालाब में कूद गए। इस बार भी परिजनों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया, लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचे, वह तालाब के दलदल में डूब चुके थे। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। तालाब में फैली खरपतवार और दलदल के कारण बचाव कार्य में काफी परेशानी आई।

पुलिस और फायर ब्रिगेड ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। नगर पालिका के सहयोग से तालाब में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाव दल ने लगातार तलाश की, लेकिन दलदल और खरपतवार के चलते शव तक पहुंचना चुनौती बना रहा। करीब 36 घंटे तक चले अभियान के बाद सत्यनारायण का शव बरामद किया जा सका।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

घटना के बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।

या

TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)

(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)

कानपुर से संवाददाता अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

जालौन में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, महिलाओं और बच्चों समेत 20 घायल

यूपी विधानसभा अध्यक्ष महाना पर सोशल मीडिया पोस्ट से सियासी संग्राम, कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत छह पर कानपुर में FIR