1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 4 बेटों ने किया माता-पिता का बंटवारा, दूरियां बढ़ी तो 70 साल की महिला ने 75 वर्षीय पति से मांग लिया तलाक

4 बेटों ने किया माता-पिता का बंटवारा, दूरियां बढ़ी तो 70 साल की महिला ने 75 वर्षीय पति से मांग लिया तलाक

बुलंदशहर में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपने 75 वर्षीय पति से तलाक की मांग कर दी। दोनों की शादी को 50 साल से अधिक समय हो चुका है। बताया गया कि चार बेटों ने बुढ़ापे में माता-पिता का बंटवारा कर दिया। दो बेटे मां को अपने साथ ले गए, जबकि दो बेटों ने पिता को अपने पास रख लिया।

पुलिस के पास पहुंची बुजुर्ग महिला- India TV Hindi
Image Source : REPORTER पुलिस के पास पहुंची बुजुर्ग महिला

बुलंदशहर। वर्ष 2003 में आई फिल्म 'बागबान' का वह दौर आज भी लोगों के जेहन में ताजा है, जहां चार बेटों ने अपने बुजुर्ग माता-पिता को आपस में बांट दिया था। रील लाइफ की यह दर्दनाक कहानी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद क्षेत्र में हकीकत बनकर सामने आई है। जिस उम्र में जीवनसाथी के सहारे और बेटों की सेवा की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, उसी उम्र में बेटों के निर्मम फैसले ने 50 साल से अधिक पुराने दांपत्य जीवन को तलाक की दहलीज पर ला खड़ा किया।

जिंदगी के आखिरी पड़ाव पर मांगा तलाक

पीड़िता 75 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी 70 वर्षीय पत्नी सिकंदराबाद के एक गांव के रहने वाले हैं। उनके चार बेटे हैं, लेकिन बुढ़ापे में सेवा का भाव रखने के बजाय बेटों ने 'बागबान' की तर्ज पर माता-पिता का बंटवारा कर दिया। दो बेटों ने मां को अपने पास रख लिया और दो ने पिता को। जिंदगी के आखिरी पड़ाव पर एक-दूसरे से जबरन अलग किए गए बुजुर्ग दंपति अलग-अलग छतों के नीचे रहने को मजबूर हो गए।

गलतफहमियां बढ़ने से बढ़ा विवाद

इस अलगाव ने समय के साथ कड़वाहट और दूरियों का रूप ले लिया। फोन पर बातचीत और यदा-कदा मुलाकातों में दोनों के बीच गलतफहमियां इतनी बढ़ गईं कि विवाद गहराता चला गया। आहत होकर 70 साल की वृद्धा महिला न्याय की गुहार लेकर पुलिस की चौखट पर पहुंच गईं और अपने 75 वर्षीय पति से तलाक की मांग कर दी।

यहां देखें वीडियो

तलाक की अर्जी देखकर काउंसलर्स भी हैरान

मामला महिला परामर्श केंद्र (महिला सेल) पहुंचा तो वहां मौजूद काउंसलर्स भी इस उम्र में तलाक की अर्जी देखकर हैरान रह गए। काउंसलर्स ने बुजुर्ग दंपति को एक साथ लाने और उनके बीच सुलह कराने की पूरी कोशिश की, लेकिन अलगाव के कारण उनके रिश्तों में पड़ी दरार इतनी गहरी हो चुकी थी कि दोनों में से कोई भी अब साथ रहने को तैयार नहीं हुआ।

यहां वीडियो देखें

पुलिस की मध्यस्थता से बुजुर्ग पति अपनी पत्नी को प्रतिमाह गुजारा भत्ता देने पर सहमत हुआ। महिला सेल की प्रभारी अलका चौधरी ने बताया कि दोनों के बीच विवाद को सुलझाने का प्रयास किया गया था। फिलहाल पति-पत्नी को प्रतिमाह खर्चा देने पर राजी हो गया है और इस मामले का औपचारिक निस्तारण कर दिया गया।

रिपोर्टः वरुण शर्मा

ये पढ़ेंः  नातिन ने नाना को मारकर शव कुएं में फेंका, तीन दिन बाद खून से सने कपड़ों ने खोला राज

मिर्जापुर में कीचड़ में फंसी नगर विधायक की कार, ट्रैक्टर से खींचकर निकाला गया बाहर