मिर्जापुर में खराब सड़क और कीचड़ से जुड़ी परेशानी उस वक्त चर्चा में आ गई, जब नगर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक रत्नाकर मिश्रा की कार ही अकोढ़ी बबुरा अंडरपास में कीचड़ के बीच फंस गई। कार को निकालने की काफी कोशिश की गई, लेकिन जब सफलता नहीं मिली तो स्थानीय लोगों की मदद लेनी पड़ी। आखिरकार ट्रैक्टर की मदद से रस्सी बांधकर कार को बाहर निकाला जा सका। अब ये घटना पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गई है।
स्थानीय लोगों की मदद से निकली कार
जानकारी के मुताबिक, रत्नाकर मिश्रा छानबे क्षेत्र के अकोढ़ी बबुरा अंडरपास से गुजर रहे थे। अंडरपास में मौजूद कीचड़ के कारण उनकी कार अचानक फंस गई। चालक ने कार को आगे निकालने की कोशिश की, लेकिन पहिए कीचड़ में धंसते चले गए और गाड़ी आगे नहीं बढ़ सकी। काफी देर तक प्रयास के बाद भी जब कार नहीं निकली तो आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से एक ट्रैक्टर बुलाया गया। इसके बाद कार में रस्सी बांधकर ट्रैक्टर से उसे खींचा गया। कई प्रयासों के बाद कार को कीचड़ से बाहर निकाला जा सका। बताया जा रहा है कि इस दौरान विधायक रत्नाकर मिश्रा भी मौके पर मौजूद रहे और कार के बाहर निकलने का इंतजार करते रहे। कार के कीचड़ से निकलने में काफी वक्त लग गया। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
खराब रास्ते को लेकर पहले से उठते रहे हैं सवाल
अकोढ़ी बबुरा अंडरपास में कीचड़ के बीच विधायक की कार फंसने की घटना के बाद इलाके की सड़क की स्थिति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब रास्ते के कारण यहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।बारिश के दौरान सड़क और अंडरपास में कीचड़ की समस्या और बढ़ जाती है। ऐसे में दोपहिया वाहनों के साथ-साथ चार पहिया वाहनों के लिए भी रास्ते से निकलना मुश्किल हो जाता है। विधायक की कार के फंसने की घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर सड़क और अंडरपास की स्थिति को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं।
(रिपोर्ट: मेराज खान)
यह भी पढ़ें:
सड़क किनारे खड़ी कार, मुंह से झाग और थमीं सांसें, गाजियाबाद में 51 वर्षीय कारोबारी की संदिग्ध मौत