1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में 3 नए बस अड्डों का रास्ता साफ, अपना दल (S) विधायक विनय वर्मा ने परिवहन मंत्री को मिलकर दी बधाई

यूपी में 3 नए बस अड्डों का रास्ता साफ, अपना दल (S) विधायक विनय वर्मा ने परिवहन मंत्री को मिलकर दी बधाई

 Reported By: Ruchi Kumar,  Written By: Vinay Trivedi
 Published : Sep 16, 2026 12:08 pm IST,  Updated : Sep 16, 2026 12:48 pm IST

सिद्धार्थनगर में 2 और हरदोई में 1 नए बस स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग को सरकारी जमीन मुफ्त में दिए जाने के प्रपोजल को मंजूरी दे दी गई है। इसके लिए विधायक विनय वर्मा ने उन्हें बधाई दी है।

up 3 new bus station- India TV Hindi
सिद्धार्थनगर में 2 और हरदोई में 1 नया बस अड्डा बनेगा। Image Source : REPORTERS INPUT

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने उत्तर प्रदेश में 3 नए बस अड्डों के निर्माण का रास्ता साफ कर दिया है। योगी कैबिनेट ने सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ और बढ़नी व हरदोई के सवायजपुर में बस अड्डे बनाने के लिए परिवहन विभाग को सरकारी जमीन निशुल्क दिए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। कैबिनेट के इस फैसले से इन क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की उम्मीद है। इस मौके पर अपना दल (S) विधायक विनय वर्मा ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात कर उन्हें क्षेत्र की जनता की तरफ से बधाई भी दी।

शोहरतगढ़ और बढ़नी में बनेंगे बस अड्डे

सरकार के फैसले के तहत सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ और बढ़नी में नए बस अड्डे बनाए जाएंगे। इसके लिए सरकारी जमीन परिवहन विभाग को बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, हरदोई के सवायजपुर में भी नए बस अड्डे के निर्माण के लिए सरकारी जमीन निशुल्क दिए जाने को मंजूरी मिली है। इन बस अड्डों के बनने के बाद आसपास के इलाकों के लोगों को बसों के जरिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

विधायक विनय वर्मा ने जताई खुशी

शोहरतगढ़ से अपना दल (S) विधायक विनय वर्मा ने कैबिनेट के इस फैसले को अपनी विधानसभा के लिए बड़ी खुशखबरी बताया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर क्षेत्र में बस स्टेशन बनाए जाने की मांग की थी। विधायक विनय वर्मा के मुताबिक, शोहरतगढ़ और बढ़नी में बस अड्डे बनने से क्षेत्र के लोगों को सुगम, सुरक्षित और बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।

कल रात उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से उनके आवास पर भेंट कर शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के शोहरतगढ़ एवं बढ़नी में बस अड्डे के निर्माण के प्रस्ताव को मंत्रिमंडल से स्वीकृति मिलने पर शोहरतगढ़, बढ़नी एवं समस्त विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से उनका हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। यह स्वीकृति हमारे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्रवासियों को बेहतर, सुगम और सुरक्षित परिवहन सुविधा मिलेगी तथा व्यापार, रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी: अपना दल (S) विधायक विनय वर्मा

व्यापार और रोजगार को भी मिलेगा फायदा

विनय वर्मा ने कहा कि नए बस अड्डों का फायदा केवल आने-जाने की सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा। इनके बनने से इलाके में व्यापार, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

तीन बस स्टेशन के निर्माण के लिए उपलब्ध कराई गई जमीन

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि हम लोगों ने अभी तीन बस अड्डों के लिए राजस्व विभाग को निशुल्क भूमि दी और तीनों जगह स्वीकृत हो गई हैं। यह राजस्व विभाग की भूमि है। सिद्धार्थनगर में शोहरतगढ़ और बढ़नी, दो जगहों पर बस स्टेशन खोलने के लिए सरकारी जमीन उपलब्ध हुई है। वहीं, हरदोई के सवायजपुर में बस अड्डा बनने के लिए जमीन की व्यवस्था हो गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।