1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में पुलिस और शातिर चोरों के बीच मुठभेड़, गोलीबारी के बीच एक चोर के गोली लगी, 2 गिरफ्तार

कानपुर में पुलिस और शातिर चोरों के बीच मुठभेड़, गोलीबारी के बीच एक चोर के गोली लगी, 2 गिरफ्तार

कानपुर के कल्याणपुर में पुलिस और चोरों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ के दौरान एक चोर के गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने 2 चोरों को गिरफ्तार कर लिया है।

Kanpur- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कानपुर में पुलिस और शातिर चोरों के बीच मुठभेड़

कानपुर: कानपुर के कल्याणपुर में पुलिस और शातिर चेन स्नेचरों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। एल्डिगो तिराहे के पास चेकिंग के दौरान खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर स्नेचर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दूसरे साथी को मौके से ही धर दबोचा गया। पुलिस ने हालही में हुई दो प्रमुख चेन स्नैचिंग की घटनाओं का भी सफल खुलासा किया है।

वाहन चेकिंग के दौरान दिखे संदिग्ध

कल्याणपुर थाना पुलिस क्षेत्र में मुस्तैदी के साथ संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एल्डिगो तिराहे के पास एक तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की नीयत से पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें औरैया निवासी 25 वर्षीय प्रशांत मिश्रा उर्फ मंगल, पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। वहीं, उसका साथी 22 वर्षीय आशु ठाकुर (निवासी कानपुर देहात) भागने की कोशिश करते हुए पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

चोरी की गईं चेन भी बरामद

कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों अपराधियों ने हालिया स्नैचिंग की घटनाओं को स्वीकार किया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से गत 28 जुलाई और 4 अगस्त को छीनी गई 2 सोने की चेन और ₹3,720 की नकदी बरामद की है। मुठभेड़ में घायल बदमाश प्रशांत मिश्रा को तुरंत उपचार के लिए सीएचसी कल्याणपुर में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने क्या कहा?

डीसीपी पश्चिम कासिम आबिदी ने कहा, "एल्डिगो तिराहे के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया था, जिस पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायर किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रशांत मिश्रा घायल हुआ है और उसका साथी आशु ठाकुर पकड़ा गया है। इनके पास से हाल ही में छीनी गई दो सोने की चेन व नकदी बरामद हुई है। अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।"

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शहर में छिनैती और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोहों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इससे पहले कानपुर पुलिस ने 'दबंगों' का पैदल जुलूस निकाला था।  (रिपोर्ट- ज्ञानेंद्र शुक्ला)

ये भी पढ़ें-

'चोरी करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है', कानपुर पुलिस ने चोर का निकाला जुलूस, हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखा