1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर पुलिस ने 'दबंगों' का निकाला पैदल जुलूस, आरोपी बोले- अब नहीं करेंगे अपराध

कानपुर पुलिस ने 'दबंगों' का निकाला पैदल जुलूस, आरोपी बोले- अब नहीं करेंगे अपराध

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Aug 04, 2026 04:05 pm IST,  Updated : Aug 04, 2026 04:05 pm IST

कानपुर पुलिस ने इस वक्त कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। इसी के तहत बर्रा पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर उनकी परेड निकलवाई।

The Kanpur Police have launched a campaign against those challenging law and order.- India TV Hindi
कानपुर पुलिस ने कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर दक्षिण के बर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कथित 'रवाड़ा गैंग' से जुड़े आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनका पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपियों से कान पकड़वाकर सार्वजनिक रूप से माफी भी मंगवाई गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसे लेकर लोगों के बीच चर्चा बनी हुई है। बताते चलें कि हाल में ही कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर इन आरोपियों के कई वीडियो मारपीट करते हुए वायरल हुए थे, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया था, लेकिन ये दबंग उस वक्त फरार होने में कामयाब हो गए थे। लेकिन पुलिस ने आखिर इन्हें कुछ दिनों पहले धर दबोचा।

अपराध और दबंगई के खिलाफ अभियान चला रही है कानपुर पुलिस

बताया जा रहा है कि बर्रा पुलिस ने क्षेत्र में अपराध और दबंगई पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस टीम उन्हें बर्रा के शास्त्री चौक इलाके से पैदल लेकर निकली। वीडियो में आरोपी कान पकड़कर माफी मांगते और भविष्य में अपराध न करने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं।

मोबाइल में कैद कर ली गई परेड की वीडियो

स्थानीय लोगों के अनुसार, जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इस घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जो बाद में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया। इससे पहले भी कई बार कानपुर पुलिस इसी तरह अपराधियों को गिरफ्तार कर सार्वजनिक रूप से परेड निकलवा चुकी है।

कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर की जा रही है पुलिस की ओर से सख्त कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या अपराध में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल, पुलिस क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। 

कानपुर से संवाददाता अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

टॉमी और कोबरा के बीच जंग का वीडियो वायरल, मालिक के परिवार की बचाई जान

आजमगढ़ में भीषण हादसा, ट्रांसफार्मर से टकराया डीजल टैंकर, तीन की जिंदा जलकर मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।