1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बुलंदशहर में 50 हजार का इनामी गोतस्कर में मुठभेड़, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बुलंदशहर में 50 हजार का इनामी गोतस्कर में मुठभेड़, पुलिस ने किया गिरफ्तार

यूपी के बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़ में एक गोतस्कर पकड़ा गया है। आरोपी फरारा था। उसने पुलिस टीम पर हमला किया, जवाबी कार्रवाई में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

Cow smuggler caught in police encounter in Bulandshahr- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया गोतस्कर

उत्तर प्रदेश में गोतस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुलंदशहर के चोला थाना क्षेत्र में पुलिस और गोतस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, 50 हजार रुपये का इनामी वांछित अभियुक्त मुकीम पुलिस की सरकारी पिस्टल लेकर फरार हो गया था। पीछा करने के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।

सबदलपुर और सुतारी के बीच जंगल में गौकशी की घटना हुई थी

बुलंदशहर थाना चोला क्षेत्र के ग्राम सबदलपुर और सुतारी के बीच जंगल में गौकशी की घटना हुई थी। इस मामले में थाना चोला पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई थीं। चोला पुलिस ने गांव सुतारी निवासी मुकीम पुत्र बाबू उर्फ बाबूद्दीन को गिरफ्तार किया था। मेडिकल परीक्षण के लिए दो पुलिसकर्मी उसे बाइक से अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान गैस गोदाम के पास पुलिसकर्मियों की बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस के अनुसार, इसी मौके का फायदा उठाकर मुकीम पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल लेकर फरार हो गया।

पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चोला पुलिस बल और स्वाट टीम देहात के साथ मौके पर पहुंचे और फरार अभियुक्त की तलाश शुरू की। पुलिस को गैस गोदाम के पीछे झाड़ियों में मुकीम दिखाई दिया। घेराबंदी किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से सरकारी पिस्टल, 9 जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहले 11 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल

सीओ सिकंदराबाद प्रेमसुख दडिया के मुताबिक गौकशी की इस घटना में पहले ही 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, एक अभियुक्त के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। मामले में मुकीम लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, मेरठ परिक्षेत्र की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

बुलंदशहर से वरुण शर्मा की रिपोर्ट 

यह भी पढ़ें 

प्रेमी से शादी करने पर भाई ने बहन को मारा, पुलिस ने कब्रिस्तान से निकाला शव, आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ में कार खड़ी करने को लेकर दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर, अंधाधुंध फायरिंग में 3 की मौत, आरोपी को पुलिस ने पकड़ा