उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र से एक चर्चित कथावाचक से जुड़ा मामला सामने आया है। यहां के एक प्रसिद्ध कथावाचक पवन देव महाराज पर बिहार की रहने वाली एक युवती ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कथावाचक और उसके पिता के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता मूल रूप से बिहार के सिवान जिले की रहने वाली है। पुलिस को दी गई शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि कथावाचक पवन देव महाराज ने शादी का झांसा दिया और एक मंदिर में उसके साथ विवाह रचाया। विवाह के बाद कथावाचक ने उसे कुछ समय तक अपने घर में रखा और इस दौरान उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
इसके साथ ही, युवती ने महंगे जेवरात हड़पने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, कुछ समय बाद उसे छोड़ दिया गया और उससे सभी संबंध समाप्त कर लिए गए।
मामला महिला उत्पीड़न से जुड़ा होने के कारण बीकापुर कोतवाली पुलिस ने इसे बेहद गंभीरता से लिया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी कथावाचक पवन देव महाराज और उसके पिता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है और सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है।
कथावाचक ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
दूसरी ओर, इन गंभीर आरोपों पर सफाई देते हुए कथावाचक पवन देव महाराज ने खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया है। उसने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें निराधार और झूठा करार दिया है। कथावाचक का दावा है कि उसकी इस युवती से कभी मुलाकात तक नहीं हुई है। उसकी बढ़ती लोकप्रियता और छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से यह आरोप लगाए जा रहे हैं। फिलहाल, पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
(रिपोर्ट- अखंड सिंह)
ये भी पढ़ें-
अयोध्या में एनकाउंटर में ढेर हुआ 40 मुकदमों वाला कुख्यात अपराधी भानू प्रताप, सिर पर था 2 लाख का इनाम
बिजली गुल होने पर घर के बाहर सोए थे लोग, बेकाबू ट्रैक्टर ने बच्ची समेत 7 लोगों को कुचला